इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की बहनों और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के दर्जनों नेताओं व समर्थकों के खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून (Anti-terrorism law) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई अडियाला जेल के बाहर मंगलवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद की गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने जेल में बंद इमरान खान से उनके रिश्तेदारों और वकीलों की मुलाकात की अनुमति न दिए जाने का विरोध किया था। पुलिस ने प्रदर्शन को अवैध करार देते हुए एफआईआर में राज्य के खिलाफ साजिश, पुलिस पर हमला और धारा 144 के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में अब तक 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बता दें कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। अप्रैल 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद से उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने इमरान खान से मुलाकातों पर बिना पूर्व सूचना के प्रतिबंध लगा रखे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगंतुक इन मुलाकातों का उपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करते हैं। गौरतलब है कि इमरान खान से आखिरी मुलाकात 2 दिसंबर को हुई थी, जब उनकी बहन उजमा खान को उनसे मिलने की अनुमति दी गई थी।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved