नई दिल्ली । भारत अपने पड़ोसी देश म्यांमार को पनडुब्बी (सबमरीन) देने जा रहा है जो कि उसकी नौसेना की पहली पनडुब्बी होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने सप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि समुद्री क्षेत्र में म्यांमार के साथ भारत का सहयोग विविध के साथ ही बढ़ रहा है। इसी क्रम में भारत म्यांमार नौसेना को किलो क्लास पनडुब्बी आईएनएस सिंधुवीर सौंपेगा। भारत की ओर से यह पहली बार होगा कि किसी देश को पनडुब्बी दी जाएगी। साथ ही यह म्यांमार नौसेना की पहली पनडुब्बी होगी।
प्रवक्ता ने कहा कि भारत के विजन सागर के तहत जिसका अर्थ है क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के अनुरूप है। साथ ही यह भारत की अपने पड़ोसियों को क्षमता निर्माण एवं आत्मनिर्भर बनने कि भारत की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने म्यांमार की यात्रा की थी। म्यांमार चीन के करीब माना जाता है। चीन के साथ बढ़ती तनातनी के बीच भारत की पड़ोसी देश को पनडुब्बी सौंपना कई अर्थों में महत्वपूर्ण है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved