
वॉशिंगटन। सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर – 2 अक्टूबर) के तहत 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्थानों (International Locations) पर भारतीय मिशनों (Indian Missions) द्वारा ‘विकसित भारत दौड़’ (Developed India Race) का आयोजन किया जा रहा है। अमेरिका के ह्यूस्टन में भी भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने विकसित भारत दौड़ का आयोजन किया, जिसमें 900 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हुए। ह्यूस्टन के जॉर्ज बुश पार्क में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय-अमेरिकी प्रवासी संगठनों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में परिवारों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने 3-5 किलोमीटर की दौड़ और पदयात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराया और भारत के विकास लक्ष्यों को दर्शाने वाले बैनर दिखाए।
वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने इस आयोजन को ‘सेवा की भावना’ का प्रतीक बताया और इस बात पर जोर दिया कि यह भारत और उसके प्रवासी समुदाय के बीच मजबूत बंधन को दर्शाता है। प्रतिभागियों ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक शारीरिक गतिविधि से कहीं बढ़कर, भारत के भविष्य में हमारी आशा की पुष्टि का प्रतीक था। कई लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें विदेश में रहते हुए भी भारत की प्रगति से जुड़े रहने में मदद करते हैं।
वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास ने भी युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ‘माई भारत’ के साथ मिलकर मैरीलैंड में ‘विकसित भारत रन 2025’ का आयोजन किया। विभिन्न देशों में आयोजित इस कार्यक्रम में सामुदायिक दौड़/पैदल यात्रा के अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। ह्यूस्टन के अलावा सिएटल, अटलांटा, सैन फ्रांसिस्को और न्यूयॉर्क में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग और ब्रिटेन स्थित वाणिज्य दूतावासों ने भी सेवा पर्व 2025 के उपलक्ष्य में विकसित भारत दौड़ कार्यक्रमों का आयोजन किया। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने रविवार को उत्तर-पश्चिम लंदन के हैरो में आत्मनिर्भर भारत संकल्प के साथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत मध्य लंदन स्थित उच्चायुक्त के आधिकारिक आवास पर चेरी का एक पौधा लगाया गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved