img-fluid

भारतीय मूल के दंपती ने अमेरिकी यूनिवर्सिटी को दिए 191 करोड़ रुपये, बनेगा नया कॉलेज

September 10, 2026

नई दिल्ली। अमेरिका (America) में भारतीय मूल के इंजीनियर दंपती अनुराधा और विकास सिन्हा (Anuradha and Vikas Sinha) ने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सस (UNT) को 2 करोड़ डॉलर यानी करीब 191 करोड़ रुपये का बड़ा दान दिया है। इस राशि का इस्तेमाल विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड एनालिटिक्स से जुड़ा नया कॉलेज स्थापित करने में किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने इस नए संस्थान का नाम अनुराधा और विकास सिन्हा कॉलेज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स रखने की घोषणा की है।

विश्वविद्यालय के मुताबिक, इस कॉलेज के गठन से छात्रों और शिक्षकों के लिए शिक्षा, शोध और तकनीकी विकास के नए अवसर तैयार होंगे। साथ ही, यह AI, स्मार्ट सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में अध्ययन और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में काम करेगा।

दो प्रमुख डिविजन के साथ काम करेगा कॉलेज

प्रस्तावित कॉलेज दो प्रमुख डिविजन के आधार पर काम करेगा। पहला डिविजन ऑफ एप्लाइड इंटेलिजेंस एंड इंफॉर्मेटिक्स होगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्मार्ट सिस्टम के विकास और उनके व्यावहारिक इस्तेमाल पर केंद्रित रहेगा।

दूसरा डिविजन ऑफ इंफॉर्मेशन एंड लर्निंग एप्लीकेशंस होगा। इसमें यह अध्ययन किया जाएगा कि इंसानों और संस्थानों के बीच सूचना तथा स्मार्ट सिस्टम किस तरह काम करते हैं और उनका प्रभावी इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है।


  • ‘प्रवासी अमेरिकन ड्रीम बनाने में भी मदद करते हैं’

    ब्रॉडकॉम के वाइस प्रेसिडेंट विकास सिन्हा ने इस दान को अपने लिए मिले अवसरों को आगे बढ़ाने से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि यह योगदान इस बात की स्वीकृति भी है कि प्रवासी केवल अमेरिकन ड्रीम का हिस्सा नहीं बनते, बल्कि उसे बनाने में भी योगदान देते हैं।

    इस दान के जरिए छह स्थायी फंड बनाए जाएंगे। इन फंडों से कॉलेज के नेतृत्व, छात्रों की छात्रवृत्ति, प्रोफेसरों, नए कारोबार और इनक्यूबेशन, उन्नत शोध तथा नई तकनीकों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

    भारत से पढ़ाई के लिए अमेरिका पहुंचे थे दोनों

    अनुराधा और विकास सिन्हा मूल रूप से भारत से हैं और उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। दोनों ने श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद दोनों ने फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी में आगे की पढ़ाई की।

    विकास सिन्हा ने बाद में नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में भी अध्ययन किया और वर्ष 2023 में यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सस से पीएचडी की डिग्री हासिल की।

    विकास सिन्हा ने कहा कि यही उनकी और अनुराधा की UNT की क्षमता पर भरोसा करने की बड़ी वजह है। उनके मुताबिक, यह विश्वविद्यालय उन छात्रों के लिए बहुत कुछ कर सकता है, जो किसी दूसरे देश से उसी महत्वाकांक्षा और शिक्षा में भरोसे के साथ यहां आते हैं, जिस भरोसे और सपने के साथ कभी वे दोनों अमेरिका आए थे।

    पहले भी UNT को दे चुके हैं बड़ा योगदान

    अनुराधा और विकास सिन्हा का UNT के साथ जुड़ाव नया नहीं है। वर्ष 2024 में भी दोनों ने विश्वविद्यालय को दान दिया था। उस योगदान से अनुराधा और विकास सिन्हा डिपार्टमेंट ऑफ डेटा साइंस की स्थापना की गई थी। इसके अलावा छात्रवृत्ति, शिक्षकों, शोध और अन्य विशेष परियोजनाओं के लिए भी फंड तैयार किए गए थे।

    इसके एक साल बाद 2025 में दोनों ने फिर बड़ा दान दिया, जिससे सिन्हा इनोवेशन लैब फॉर डेटा साइंस की स्थापना की गई।

    अब 2 करोड़ डॉलर के नए योगदान से स्थापित होने वाला कॉलेज AI, स्मार्ट सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में शिक्षा एवं शोध को नई दिशा देने की कोशिश करेगा। भारतीय मूल के इस दंपती का योगदान अमेरिका में शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में प्रवासी समुदाय की भूमिका का भी उदाहरण बनकर सामने आया है।

    Share:

  • E20 पेट्रोल पर सरकार की बड़ी तैयारी.... और ज्यादा एथनॉल मिलाने का बनाया प्लान

    Thu Sep 10 , 2026
    नई दिल्ली। पेट्रोल (Petrol) में एथनॉल (Ethanol) मिलाने की मौजूदा E20 व्यवस्था (E20 system) के बाद सरकार अब इससे आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर (Tarun Kapoor) ने बुधवार को कहा कि सरकार पेट्रोल में 20 फीसदी से अधिक एथनॉल ब्लेंडिंग की अनुमति देने पर काम कर रही है। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved