
नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स 2026 (Asian Para Games 2026) के दौरान भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख (Indian para-swimmer Mohammad Shams Alam Shaikh) पर यौन उत्पीड़न (sexual harassment) और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। जापान के नागोया में एक होटल की महिला कर्मचारी (female employee) ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद 40 वर्षीय शम्स आलम को भारत वापस भेज दिया गया है। अब भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) की ओर से उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला जांच के बाद ही लिया जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नागोया में भारतीय दल के साथ मौजूद और मामले को संभालने वाले PCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार को निंदनीय और असहनीय बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी खिलाड़ी के ऐसे व्यवहार को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
शम्स आलम पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की मांग
मीडिया से बातचीत में PCI के अधिकारी ने कहा कि शम्स आलम के खिलाफ आजीवन प्रतिबंध से कम सजा नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, इस घटना से एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा ले रहे पूरे भारतीय दल की छवि प्रभावित हुई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है।
होटल में हाउसकीपिंग के दौरान कथित घटना
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमवार को फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल में हुई, जहां भारतीय पैरा तैराकी टीम ठहरी हुई थी। बताया गया है कि कथित दुर्व्यवहार के समय महिला कर्मचारी शम्स आलम के कमरे में हाउसकीपिंग का काम कर रही थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शम्स आलम को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचाया। PCI अधिकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने उनकी गिरफ्तारी और अदालत में औपचारिक पेशी की मांग की थी। हालांकि, भारतीय अधिकारियों के प्रयासों के बाद मामला अदालत तक नहीं पहुंचा। इसके बाद लिखित माफी और शम्स आलम को तत्काल जापान छोड़ने का आदेश दिए जाने की बात सामने आई। इस घटना के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने होटल प्रबंधन और शिकायत करने वाली महिला कर्मचारी से माफी भी मांगी।
दुनिया के नंबर-1 पैरा तैराक रह चुके हैं शम्स आलम
वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड के अनुसार, शम्स आलम पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई (S5) और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (SB4) स्पर्धाओं में दुनिया के नंबर-1 तैराक रह चुके हैं।
उन्होंने 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा, पिछले साल रेकजाविक इंटरनेशनल गेम्स में उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता था। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था।
खेलों में उपलब्धियां हासिल कर चुके शम्स आलम अब जापान में लगे आरोपों और संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर चर्चा में हैं। PCI की ओर से आजीवन प्रतिबंध पर फैसला जांच पूरी होने के बाद लिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved