
ढाका. भारत (India) के विदेश सचिव (Foreign Secretary) विक्रम मिस्री (Vikram Misri) ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर जमात-ए-इस्लामी (Jamaat-e-Islami) के अमीर डॉ. शफीकुर रहमान (Ameer Dr. Shafiqur Rahman) से शिष्टाचार भेंट की। यह जानकारी बांग्लादेश स्थित भारतीय उच्चायोग ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट में दी।
विदेश सचिव ने डॉ. रहमान को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और बांग्लादेश के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को जन-केंद्रित बताते हुए सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
मुलाकात में क्या बोले जमात-ए-इस्लामी के अमीर?
डॉ. शफीकुर रहमान ने भी दोनों देशों के बीच गहरे सभ्यतागत संबंधों का उल्लेख किया और द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।
इसी अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और भारत आने का निमंत्रण सौंपा। बिरला ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है।
बांग्लादेशी उच्चायुक्त ने ओम बिरला की यात्रा पर क्या कहा?
बांग्लादेश के भारत में उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने ओम बिरला की यात्रा की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि दोनों नेताओं ने दोनों देशों के लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में तारिक रहमान को भारत आने का आमंत्रण दिया और उनकी पत्नी जुबैदा रहमान तथा बेटी जाइमा को भी साथ आने का आग्रह किया। पत्र में उन्होंने बांग्लादेश की प्रगति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved