
इंदौर। देश की प्रमुख निजी एयर लाइंस इंडिगो द्वारा इंदौर से लगातार अपनी उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है। कल रात भी कंपनी ने अपनी दिल्ली से इंदौर आकर वापस जाने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया। इसके कारण इन उड़ानों में बुकिंग कर चुके यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट (6ई-2208) रात 9.55 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 10.40 बजे वापस दिल्ली जाती है, लेकिन कल कंपनी ने इस उड़ान को बिना पूर्व सूचना के निरस्त कर दिया। कंपनी ने इसके लिए ऑपरेशनल कारणों की बात कही है, वहीं सूत्रों की माने तो दिल्ली में विमान में तकनीकी खराबी आ जाने से इस उड़ान को निरस्त किया गया है। उड़ान के निरस्त होने से दिल्ली से इंदौर आने वाले यात्री दिल्ली में ही फंसे रह गए और इंदौर से दिल्ली जाने वाले इंदौर में अटक गए। दोनों ही एयरपोर्ट पर परेशान यात्रियों ने हंगामा भी किया। इस पर कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया। कंपनी इससे पहले भी कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त कर चुकी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved