
इंदौर। इंदौर के चंदन नगर इलाके में एक व्यापारी द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। जहर खाने से पहले व्यापारी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और अपनी मौत का जिम्मेदार उन्हें बताया है। फिलहाल व्यापारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
दरअसल इंदौर के चंदन नगर निवासी मोहम्मद मोहसिन पुत्र मोहम्मद अशरफ ने बुधवार रात जहर खा लिया। परिजन उसे तत्काल मालवा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों को जहर खाने की जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने मोहसिन को आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। पुलिस को मोहसिन के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें उसने कड़ाव घाट, बंबई बाजार क्षेत्र में रहने वाले मुन्ना दूधवाले, अकरम और शकील चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में मोहसिन ने कहा है कि वर्ष 2023-24 के दौरान उसने व्यापारिक जरूरतों के चलते आरोपियों से करीब 10 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले में उससे हर महीने 65 हजार रुपये ब्याज वसूला जाता था। मोहसिन का दावा है कि वह अब तक लाखों रुपये चुका चुका है, इसके बावजूद उसके मकान की रजिस्ट्री और चेक आरोपियों के पास हैं, इन परेशानियों से तंग आकर वह यह कदम उठा रहा है। वही बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को मोहसिन ने पंढरीनाथ थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन भी दिया था, जिसमें लेन-देन और दस्तावेज रोककर रखने की शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved