
इन्दौर। अंतिम संस्कार में परिवार के साथ सिटी बस से जा रहा एक यात्री उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब कंडक्टर उससे गेट पर ही टिकट के पैसे ले रहा था। पैसे देने के दौरान यात्री का बैलेंस बिगड़ा और चलती सिटी बस से वह सिर के बल नीचे गिर गया। गंभीर चोटें लगने के चलते उसकी मौत हो गई।
45 साल का राजकुमार पिता सुरेश भाई पप्पू और मां के साथ रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर से निकला था। वे सभी नेमावर रोड पर जा रहे थे। तीनों रिंग रोड स्थित नोबल पब्लिक स्कूल से तीन इमली जाने के लिए सिटी बस में सवार हुए। बस पहले से सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। जैसे ही तीनों बस में चढ़े तो दरवाजे के पास खड़े कंडक्टर ने गेट पर ही टिकट के पैसे मांगे। राजकुमार जेब से पैसे निकालकर देने लगा, इतने में बस के चालक ने बस तेजी से आगे बढ़ाई, जिससे राजकुमार अपना संतुलन बना नहीं पाया और बस से नीचे सिर के बल गिर गया। घटना के दौरान बस में चिल्ला-पुकार मच गई।
बस वाले ने बस रोकी और पप्पू सहित अन्य यात्री राजकुमार को संभालने के लिए बस से उतरकर गए। सिर और अन्य जगह चोटें लगने के चलते राजकुमार का काफी खून बह चुका था। पप्पू का कहना है कि बस का कंडक्टर भी नीचे उतरकर आया और उसने हाथ में 200 रुपए थमा दिए और कहा कि इसे रिक्शा से अस्पताल ले जाओ और बस लेकर भाग गया। उधर, घायल राजकुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। राजकुमार मिस्त्री का काम करता था। उसके दो बेटे और एक बेटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved