img-fluid

इंदौर: दर्जनों कालोनियों में घुटनों तक पानी, सुबह तक परेशान होते रहे लोग

October 04, 2025

मानसून की जाते-जाते झमाझम विदाई, रात में खूब बरसा, देर रात यशवंत सागर का एक गेट खोला
इंदौर। कल देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश (heavy rain) के बाद शहर के कई नए-पुराने इलाकों में पानी भर गया और लोग परेशान होते रहे। कई जगह तो आज सुबह तक जलजमाव (waterlogging) के कारण लोगों की फजीहत होती रही। रात में कई जगह शिकायतों के बाद निगम की टीमें भेजी गईं, लेकिन उसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। नीलकंठ कालोनी में कई जगह घुटनों और कमर तक सडक़ों पर पानी भरा हुआ था। यही हाल कलालकुई मस्जिद (Kalalakui Mosque) के सामने और चंद्रभागा के आसपास के हिस्सों में था, जहां नाले का कचरा सडक़ों पर तैर रहा था। एरोड्रम से लेकर हवा बंगला तक की दर्जनों कालोनियों में जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन बंद हो गया था।

कल रात 10.45 बजे से शुरू हुई बारिश थोड़ी देर तक होती रही, फिर इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई और देर रात तक कई क्षेत्रों में जलजमाव होने की शिकायतें निगम के कंट्रोल रूम पर आने लगीं। कंट्रोल रूम से शिकायतों के निराकरण के लिए ऑरेंज टीम और झोनल अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर भेजा गया। वहीं कुछ संसाधन वर्कशाप विभाग से पानी निकासी के लिए बुलवाए गए। एरोड्रम क्षेत्र के व्यंकटेश नगर, कालानी नगर, शिक्षक नगर, अंजनी नगर, राजनगर के साथ-साथ कई अन्य कालोनियों में जलजमाव के कारण लोग परेशान होते रहे। कई घरों में गलियों के मुख्य मार्गों का पानी भर गया था और लोग निगम अफसरों को शिकायतें करते रहे। इसी प्रकार हवा बंगला क्षेत्र के द्वारकापुरी, विदुर नगर, सुदामा नगर, प्रजापत नगर, सांईबाबा नगर, फर्शी गोदाम और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में जलजमाव हो गया था।


सुबह तक नीलकंठ कालोनी की सडक़ें पानी से डूबी रहीं
नीलकंठ कालोनी और उसके आसपास की कालोनियों में जलजमाव के कारण ज्यादा फजीहत हुई। रात से हो रही बारिश के बाद सुबह तक पूरे क्षेत्र की सभी सडक़ें पानी से लबालब थीं। कालोनियों में कुछ जगह घुटनों-घुटनों तक तो कुछ जगह कमर तक सडक़ों पर पानी भरा हुआ था। ऐसे में लोग बमुश्किल आ-जा पा रहे थे। कई लोग वहां से दोपहिया वाहन लेकर जा रहे थे तो उनके वाहन वहीं खराब हो गए। सुबह भी क्षेत्रीय रहवासी निगम अफसरों को पानी निकासी के लिए फोन लगाते रहे, लेकिन वहां सुबह 9 बजे तक कोई काम शुरू नहीं हो पाया।

अर्जुन पल्टन के घरों में घुसा नाले का पानी
जिंसी और अर्जुन पल्टन के आसपास के कई क्षेत्रों में जलजमाव के कारण लोगों की फजीहत हुई। रहवासियों का कहना है कि वहां जिंसी नाले का पानी लोगों के घरों में भराने लगा। रात से निगम के अधिकारियों को शिकायतें की जाती रहीं, लेकिन मौके पर कोई भी नहीं पहुंचा। क्षेत्र के लोग जैसे-तैसे पानी निकासी की मशक्कत करते रहे। हर बार वहां नाले में जलस्तर बढऩे के कारण आसपास के क्षेत्रों में फजीहत हो जाती है। कल देर रात भी तेज बारिश के बाद नाले का भी जलस्तर बढ़ा था, जिसके चलते लोगों के घरों में पानी भराया और वे उसे निकालने में जुटे रहे।

इतनी बारिश हुई कि रात 10 बजे यशवंत सागर का एक गेट खोलना पड़ा
कल रात हुई झमाझम बारिश के कारण यशवंत सागर तालाब फिर लबालब हो गया था। जलकार्य समिति प्रभारी अभिषेक शर्मा के मुताबिक रात ढाई बजे तालाब का जलस्तर लगातार बढ़ते रहने के कारण एक गेट खोला गया और गेट खोले जाने के पूर्व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सटे हिस्सों में इसकी सूचना भी दे दी गई थी। जलस्तर ठीक होने के बाद सुबह 6 बजे तालाब का गेट फिर से बंद कर दिया गया।

शहर के तालाबों की स्थिति
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक कल रात से हुई बारिश के बाद कई तालाबों की स्थिति में और सुधार हुआ है। बड़ा सिरपुर तालाब 15.5 फीट, छोटा सिरपुर 14.7, बड़ी बिलावली 19.2 फीट, छोटी बिालवली तालाब 7.3 फीट, पीपल्यापाला 21 फीट और लिम्बोदी तालाब 5.1 फीट से लबालब रहे। पूर्व की बारिश के कई तालाब आधे अधूरे ही रह गए थे, जो अब लबालब हो रहे हैं।

मंदिर से मस्जिद तक सडक़ों पर नाले का पानी
चंद्रभागा हनुमान मंदिर से लेकर कलालकुई मस्जिद तक नगर निगम सडक़ के साथ-साथ नाले का काम बीते कई महीनों से करा रहा है, लेकिन धीमी गति से चल रहे काम के कारण अभी भी इस समस्या का निदान नहीं हो पाया। कल रात हुई बारिश के बाद हनुमान मंदिर से कलालकुई मस्जिद तक नाले का पानी सडक़ों पर आ गया। उसके साथ ही गंदगी और कचरे का अंबार भी सडक़ों पर पानी के बीच तैरता रहा।

बीआरटीएस से सत्यसांई के इलाकों में भी भराया पानी
बीआरटीएस के कई हिस्सों में पानी भरने के कारण सुबह-सुबह वाहन चालकों की फजीहत हुई। वहीं सत्यसांई चौराहा, विजयनगर और आसपास की सर्विस रोड पर भी जलजमाव की स्थिति बनी रही। हर बार थोड़ी सी बारिश में बीआरटीएस के अलग-अलग हिस्सों में पानी भर जाता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक वहं पानी निकासी के लिए कोई ठोस उपाय नहीं हुआ है।

Share:

  • पाकिस्तान ने अमेरिका को अरब सागर में बंदरगाह बनाने का प्रस्ताव दिया, रिपोर्ट में बड़ा दावा

    Sat Oct 4 , 2025
    वॉशिंगटन। पाकिस्तान (Pakistan), अमेरिका (America) को खुश करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा। अब पाकिस्तान ने अमेरिका को एक और बड़ी पेशकश की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल आसिम मुनीर (General Asim Munir) के करीबी सहयोगियों ने अमेरिका को अरब सागर (Arabian Sea) में एक बंदरगाह (Port) बनाने और […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved