img-fluid

इन्दौर शीतलहर की चपेट में

December 10, 2024

  • – कल रात पिछले 10 में से 4 सालों का रिकार्ड टूटा
  • – इस सीजन में पहली बार पारा 8.7 डिग्री पर पहुंचा

इंदौर। शहर में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है। कल दिन से जारी तापमान की गिरावट रात को भी जारी रही। इसके साथ ही कल रात पहली बार तापमान 8.7 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान था। इसके साथ ही कल रात पिछले 10 में से 4 सालों का दिसंबर का सबसे कम तापमान का रिकार्ड भी टूट गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
शहर में परसों रात से तापमान में गिरावट का दौर शुरू हुआ था, जो कल दिन और रात भी लगातार जारी रहा। कल दिन में धूप के बावजूद ठंडी हवाएं सताती रहीं। वहीं सूरज ढलते ही ठंड अपने तीखे तेवर दिखाने लगी। रात बढऩे के साथ ही पारा लुढक़ता गया। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री और परसों की अपेक्षा 4.6 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 2.7 डिग्री कम था।

कश्मीरी हवाओं से बनी शीतलहर की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक कल से हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बनी हुई है। उत्तर भारत में दो दिनों से बर्फबारी हो रही है। वहीं इंदौर आने वाली हवाओं की दिशा उत्तरी ही है, जिससे उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं इंदौर सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों को ठंडा कर रही हैं। इससे यहां शीतलहर की स्थिति बन रही है।


चार दिनों में 7 डिग्री से ज्यादा गिरा रात का पारा
दिसंबर की शुरुआत में जहां तापमान में बढ़ोतरी शुरू हुई थी और ठंड बेअसर हो रही थी, वहीं पिछले तीन दिनों में ही ठंड ने अपना रंग जमाना शुरू किया है। शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री था, जो कल गिरकर 8.7 डिग्री रह गया, यानी चार दिनों में ही रात के तापमान में 7.6 डिग्री की गिरावट आई है। वहीं कल दर्ज दिन का तापमान भी सीजन का सबसे कम तापमान है। इस आधार पर इसे कोल्ड-डे कहा जा सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने इसकी घोषणा नहीं की।

चार सालों का रिकार्ड टूटा, और टूट सकता है
मौसम विभाग के अनुसार कल रात दर्ज 8.7 डिग्री तापमान पिछले 10 में से 4 सालों में दर्ज दिसंबर के सबसे कम तापमान से भी कम था। कल रात 2016, 2017, 2022 और 2023 का रिकार्ड टूट गया। हालांकि पिछले 10 सालों में सबसे कम तापमान 2015 में 5 डिग्री के रूप में दर्ज है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाने के आसार हैं, जिससे और रिकार्ड टूट सकते हैं।

स्कूल का समय बदलने की मांग बढ़ी
शहर में ठंड का असर बढऩे के साथ ही पालकों ने सुबह जल्दी लगने वाले स्कूलों का समय बदलने की मांग करना शुरू कर दी है। हर साल कलेक्टर ज्यादा ठंड होने पर छोटी कक्षाओं का समय सुबह 8 के बाद करते हैं, लेकिन अब तक ऐसा निर्णय नहीं लिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि गिरता तापमान देखते हुए आज या कल में ही यह निर्णय जारी किया जाएगा।

एक नजर पिछले 10 सालों में दिसंबर के सबसे कम तापमान पर
वर्ष तापमान तारीख
2014 5.0 17
2015 7.0 24
2016 9.1 19, 26
2017 8.8 27
2018 6.6 29
2019 6.6 28
2020 8.0 29
2021 6.5 20
2022 10.1 8
2023 11.6 20
2024 8.7 10
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

Share:

  • इंदौर-राघौगढ़ फोर लेन हाईवे की सौगात 2025 के मध्य तक मिलेगी

    Tue Dec 10 , 2024
    27 में से 20 किमी का काम मार्च तक होगा पूरा इंदौर। इंदौर-हरदा-बैतूल फोर लेन प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे इंदौर-राघौगढ़ हाईवे का काम 2025 के मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा। 27 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट के ज्यादातर हिस्से में अर्थवर्क पूरा हो चुका है। तय किया गया है कि मार्च-25 […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved