
प्रति-चक्रवात के चलते हवा का रुख उत्तर-पूर्वी होने का असर
इंदौर। मकर संक्रांति पर गुरुवार को सूर्य नारायण उत्तरायण हो चुके हैं। आसमान पूरी तरह साफ है। एक प्रति -चक्रवात बनने के कारण हवाओं का रुख भी बदलने लगा है। इस कारण शहर में धूप में तल्खी बढ़ी है। इससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूर्वी हवाओं का दखल बढऩे से अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। दो दिन बाद धूप में तल्खी बढऩे लगेगी, साथ ही रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से गुलाबी ठंड बरकरार रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि हवा का रुख उत्तरी बना रहने से पिछले तीन दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला चल रहा था। इससे पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई थी। विशेषकर उत्तरी मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिले शीतलहर की चपेट में आ गए थे।
गुरुवार रात से हवा का रुख उत्तर-पूर्वी होने लगा है। हवा की रफ्तार भी दस किलोमीटर प्रतिघंटा है। इस वजह से गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। उधर आसमान साफ रहने और वातावरण में नमी काफी कम हो जाने से वातावरण में प्रदूषण भी नहीं है। इस वजह से सूर्य की किरणें भी सीधी जमीन पर आ रही हैं। इस वजह से दिन के तापमान में अधिक वृद्धि होने लगी है। चक्रवर्ती के मुताबिक दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगेगी।
क्यों बदला हवा का रुख
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में तेलंगाना पर एक प्रति-चक्रवात बन गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से हवा का रुख उत्तरी से उत्तर-पूर्वी हो गया है। उत्तर भारत में अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लेकिन वर्तमान में मध्यप्रदेश में बीच-बीच में उत्तरी के बजाय पूर्वी हवाएं चलने लगती हैं। इस वजह से तापमान बढऩे लगा है। दो दिन बाद धूप में तल्खी महसूस होने लगेगी। रात में भी ठंड कम होने लगेगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved