
इंदौर। इंदौर (Indore) की भंवर कुआं थाना पुलिस (Bhanwar Kuan Police Station) ने आधा किलोग्राम सोने की ठगी (Gold Fraud) का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) किया है। आरोपियों से 50 लाख का सोना बरामद किया गया है।
थाना भंवरकुआ पुलिस ने आधा किलोग्राम सोने की ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को ऋषिकेश और जोधपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को फरियादी ने बताया कि आरोपियों ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर पांच रानी हार बनाने का ऑर्डर दिया था। 15 नवंबर को एक आरोपी नकली सोने जैसे दिखने वाले टुकड़े देकर असली सोने के रानी हार लेकर फरार हो गया।
फरियादी की शिकायत पर थाना भंवरकुआ में बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज ओर तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी संतोष को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी संजय सोनी, उसके साथी गौरव सोनी और नीरज सोनी को ऋषिकेश और जोधपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गिरोह द्वारा कुछ आभूषणों को गला कर नई चेन बनाने और शेष आभूषण जोधपुर में छिपाने की जानकारी भी उजागर की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved