
इंदौर। इंदौर में मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना आपकी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक युवक को चलते वाहन पर मोबाइल पर बात करना भारी पड़ गया। पुलिस ने न केवल उसे पकड़ा, बल्कि नियमों के कई उल्लंघन मिलने पर 4500 रुपये का चालान भी किया और वाहन जब्त कर लिया। दरअसल इंदौर की यातायात पुलिस के विशेष अभियान के दौरान एक युवक को सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करते हुए देखा गया।
पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने वाहन मोड़कर लापरवाही से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्काल उसका रास्ता रोककर उसे रोक लिया और दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और उसने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। यानी उसने एक साथ कई यातायात नियमों का उल्लंघन किया। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर यातायात थाने में खड़ा कराया और चालक पर कुल 4500 रुपये का चालान किया। वही यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, हेलमेट अवश्य पहनें और सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें। थोड़ी-सी लापरवाही न केवल भारी जुर्माना दिला सकती है, बल्कि जानलेवा हादसे का कारण भी बन सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved