
नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है। देश में आर्थिक गतिविधियों में जारी सुधार के बीच औद्योगिक उत्पादन (Industrial production ) में अक्टूबर महीने में 3.2 फीसदी (up 3.2 percent in October) का इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
एनएसओ की तरफ से औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के सालाना आधार पर जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर, 2021 में देश का औद्योगिक उत्पादन 3.2 फीसदी बढ़ा है। एक साल पहले अक्टूबर, 2020 में यह वृद्धि 4.5 फीसदी रही थी। आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर, 2021 में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन दो फीसदी बढ़ा है जबकि खनन क्षेत्र का उत्पादन 11.4 फीसदी और बिजली क्षेत्र का उत्पादन 3.1 फीसदी बढ़ा है।
आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2021-22 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) के दौरान आईआईपी 20 फीसदी बढ़ा है जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 17.3 फीसदी गिरा था। गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी फैलने के बाद से देश का औद्योगिक उत्पादन प्रभावित हुआ है। मार्च 2020 में यह 18.7 फीसदी तक गिर गया था जबकि अप्रैल 2020 में देशव्यापी लॉकडाउन के कारण औद्योगिक गतिविधियां बहुत हद तक ठप हो गई थीं और औद्योगिक उत्पादन में 57.3 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई थी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved