
डेस्क। ईशान किशन इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने पहली पारी में तो दोहरा शतक ठोका ही था, दूसरी पारी में भी उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की। एक वक्त तो लग रहा था कि वे एक और शतक लगा देंगे, वे इससे तो चूक गए, लेकिन एक बड़ा कीर्तिमान उन्होंने जरूर अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अब से करीब 16 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईशान किशन ने पहली पारी में 270 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। इसी पारी की बदौलत ईस्ट जोन की टीम ने 708 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में साउथ जोन की पहली पारी 336 रनों पर ही सिमट गई। हालांकि ईशान चाहते तो साउथ जोन को फॉलोआन दे सकते थे, लेकिन उन्होंने खुद बैटिंग का फैसला किया। दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी जल्दी आउट हो गए, लेकिन जैसे ही ईशान किशन आए, मैच में फिर से जान सी आ गई। उन्होंने तेजी के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद शतक की ओर बढ़ गए। हालांकि वहां तक पहुंचने से पहले ही वे आउट हो गए।
दूसरी पारी में ईशान किशन ने 80 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने 98 बॉल का सामना किया और इस दौरान नौ चौके के साथ तीन छक्के भी लगाए। पहली पारी में 270 और दूसरी में 80 रन बनाने के साथ ही ईशान ने इस मैच में 350 रन बना लिए हैं। अब वे दलीप ट्रॉफी के फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। हम यहां दोनों पारियों के स्कोर को मिलाकर बात कर रहे हैं। इससे पहले फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दिनेश कार्तिक के नाम था। दिनेश कार्तिक ने साल 2010 में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए वेस्ट जोन के खिलाफ 333 रन बनाए थे। उन्होंने मैच की पहली पारी में 183 रन बनाए और इसके बाद जब दूसरी पारी में उतरे तो 150 रन बनाए थे। करीब 16 साल बाद अब जाकर दिनेश का रिकॉर्ड ईशान ने तोड़ा है। मजे की बात ये है कि दोनों विकेट कीपर बल्लेबाज हैं।
ईस्ट जोन ने पहली ही पारी के आधार पर बढ़त हासिल कर ली थी, अब उसकी लीड 500 से भी ज्यादा रन की हो चुकी है। यानी जीत ईस्ट जोन की मुट्ठी में है। अभी चौथे दिन का खेल चल रहा है। ईस्ट जोन की कोशिश होगी कि मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की जाए, लेकिन अगर मैच ड्रॉ भी हुआ तो पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। दूसरी पारी में शिखर मोहन ने भी अर्धशतक लगाने का काम किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved