
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के प्रस्तावित दौरे से उत्साहित उनके इस्राइली (Israeli) समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कहा कि भारत बेहद शक्तिशाली और लोकप्रिय देश है। इस्राइल अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन मजबूत कर रहा है। नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को इस्राइली रक्षा बलों (आईडीएफ) के कैडेट के दीक्षांत समारोह में कहा, इस्राइल बुराई के खिलाफ निवारक उपाय करता है। इसलिए, क्षेत्र में खतरों को बेअसर करने के लिए आवश्यकतानुसार, समय-समय पर कार्रवाई करेगा।
नेतन्याहू ने कहा, हम अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाएंगे। अगले सप्ताह एक बेहद शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री इस्राइल का दौरा करेंगे। नेतन्याहू ने कहा, निश्चित रूप से आप जानते हैं कि कुछ दिन पहले मैं एक और महत्वपूर्ण दौरे से लौटा हूं। यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद से मेरा सातवां दौरा था। वहां मैंने इस्राइल के सबसे पक्के मित्र अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि हाल में प्रकाशित अमेरिकी सुरक्षा सिद्धांत में इस्राइल दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जिसे अमेरिका आदर्श सहयोगी बताता है। मालूम हो कि पीएम मोदी के इस्राइल दौरे की वैश्विक स्तर पर चर्चाएं है।
इस्राइल-भारत के बीच मजबूत गठबंधन
नेतन्याहू ने इससे पहले रविवार को प्रमुख अमेरिकी-यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा का उल्लेख किया था। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा था, संसद को संबोधित करने की तैयारी चल रही है। अगले हफ्ते यहां कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी। नेतन्याहू ने कहा, वर्षों से इस्राइल और भारत के बीच एक मजबूत गठबंधन है। हम हर तरह के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। आप जानते हैं, भारत कोई छोटा देश नहीं है। इसकी आबादी 1.4 अरब है। भारत बेहद शक्तिशाली और बेहद लोकप्रिय है।
संसद को संबोधित करेंगे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 25 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर इस्राइल पहुंचेंगे। इस दौरान वह नेसेट (संसद) को संबोधित कर सकते हैं। पीएम मोदी नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। यह पीएम मोदी की इस्राइल की दूसरी यात्रा होगी। पहली यात्रा जुलाई 2017 में हुई थी, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved