
खरगोन। कांग्रेस (Congress) पार्टी इन दिनों “संविधान (Constitution) बचाओ” रैली निकाल रही है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी (Jitu Patwari) की अगुवाई में ऐसी ही एक रैली मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में निकाली गई। इस दौरान स्थानीय भवानी माता चौक पर एक सभा का आयोजन भी किया गया। जिसमें कांग्रेस नेताओं ने भाजपा (BJP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर संविधान बदलने की नीयत से काम करने के आरोप लगाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए यह रैली आयोजित की गई है। देश में जिस तरह का वातावरण है, उसमें स्वायत्त संस्थाएं खतरे में हैं। अब चुनाव आयोग भी एक तरह से तोते की भूमिका में है, जबकि लोकतंत्र में चुनाव आयोग पर भरोसा होता है। पर देश की जनता, आप खुद देखो जितनी एजेंसियां हैं- ईडी, सीबीआई, सब की सब विपक्ष के खिलाफ काम कर रही हैं। भाजपा के लोगों पर क्यों नहीं होती कोई रेड? देश की आम जनता पर कार्रवाई होती है, लेकिन भाजपा के लोगों पर नहीं। सरकार के लोगों पर नहीं। यह मैसेज क्या है? जिन पर कार्रवाई की गई, उन्होंने भाजपा को चुनावी बांड में चंदा दिया। इसलिए संविधान बचाने के लिए अगर, हमें गला भी कटाना पड़े, तो हम तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि मां अहिल्या की नगरी में शराब नहीं बिकेगी, यह बात मुख्यमंत्री ने कही थी। लेकिन, यहीं एक भाजपा कार्यकर्ता के घर से 2 किलोमीटर की दूरी पर शराब की दुकान है। यह संदेश क्या है? सरकार का काम क्या सिर्फ शराब बिकवाना है? इस दौरान जीतू पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह (Shivraj Singh) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे पदयात्रा करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जबकि उन्होंने वादा किया था कि किसानों की आय दुगुनी करेंगे, खेती को लाभ का धंधा बनाएंगे, खाद सस्ती करेंगे। फिर जो किसानों के ऋण माफ किए गए थे, उन्हें होल्ड क्यों किया गया?
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved