
भोपाल। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कमलनाथ सरकार यदि प्रदेश में पांच साल चल जाती तो बंटाढार से भी बदतर होती। 2018 के चुनाव में वोट भारतीय जनता पार्टी को वोट अधिक मिले, लेकिन कुछ सीटें ज्यादा मिलने से सरकार कांग्रेस की बनी। कमलनाथ सरकार के इन सवा साल में प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर था, अत्याचार चरम पर था और अनाचार भी चरम पर था। अगर यह सरकार 5 साल चल जाती तो क्या स्थिति होती ? दिग्विजय सिंह की सरकार ने तो 10 सालों में बंटाढार का खिताब हासिल किया था, लेकिन कमलनाथ सरकार तो पांच साल में ही बंटाढार से बदतर साबित हो जाती। तोमर ने कहा कि 2018 में जब हम चुनाव लड़ रहे थे तो वह प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का चुनाव था, शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव था। लेकिन अब जो चुनाव हो रहा है, यह ना सरकार बनाने का चुनाव है और ना किसी को मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव है। दोनों चुनावों के अंतर को समझना हर कार्यकर्ता के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब जो चुनाव होने जा रहा है, यह सरकार बचाने का चुनाव है और इस बात का चुनाव है कि शिवराज सिंह मुख्यमंत्री बने रहें।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved