
भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर में विधानसभा चुनाव है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में चुनाव की आचार संहिता लग सकती है। इससे पहले भाजपा ने अपने 78 प्रत्याशियों की दो सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में 6 सांसदों को प्रत्याशी बनाया गया है। इसको लेकर मंगलवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने भाजपा पर तंज किया। उन्होंने कहा कि दूसरी लिस्ट पर एक ही बात फिट है- नाम बड़े और दर्शन छोटे।
भाजपा ने मप्र में अपने सांसदों को विधानसभा की टिकट देकर साबित कर दिया है कि भाजपा न तो 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत रही है, न 2024 के लोकसभा चुनाव में। इसका सीधा अर्थ ये हुआ कि वो ये मान चुकी है कि एक पार्टी के रूप में तो वो इतना बदनाम हो चुकी है कि चुनाव नहीं जीत रही है, तो फिर क्यों न तथाकथित बड़े नामों पर ही दांव लगाकर देखा जाए।
डबल इंजन की सरकार डबल हार की तरफ बढ़ रही
नाथ ने कहा कि अपने को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहनेवाली भाजपा को जब आज ये दिन देखने पड़ रहे हैं कि उसको लड़वाने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं, तो फिर वोट देने वाले कहाँ से मिलेंगे। भाजपा आत्मविश्वास की कमी के संकटकाल से जूझ रही है। अबकी बार भाजपा अपने सबसे बड़े गढ़ में, सबसे बड़ी हार देखेगी। कांग्रेस भाजपा से दोगुनी सीट जीतने जा रही है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल हार की ओर बढ़ रही है।
भाजपा बोली- लिस्ट देखकर हाथ-पांव फूल गए
कांग्रेस की बयानबाजी पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा की दूसरी सूची आने के बाद कांग्रेसियों पर फिट बैठते मुहावारे। हाथ-पांव फूल जाना, मुंह चुराना, चेहरे पर हवाइयां उड़ना, मुंह पीला पड़ना। उन्होंने इस ट्वीट को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कमलनाथ को भी टैग किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved