
नई दिल्ली: ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू (Britain’s former Prince Andrew) को अरेस्ट कर लिया गया है. उन्हें सार्वजनिक पद के दुरुपयोग (abuse of public office) के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर इस समय पुलिस कस्टडी में हैं. एंड्रयू का आज 66वां जन्मदिन भी है. ऐसे में यह एक्शन उनके जन्मदिन पर ही हुआ. गुरुवार सुबह सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित एंड्रयू माउंटबेटन के घर पर सादे कपड़ों में आठ पुलिस अधिकारियों को देखा गया. एंड्रयू का घर पूर्वी इंग्लैंड के काउंटी नॉरफॉक में है.
दरअसल, एपस्टीन मामले में पीड़िता रही वर्जीनिया गिफर ने आरोप लगाया था कि 2001 में जब वह 17 साल की थी तब एंड्रयू ने उनका यौन शोषण किया था. हालांकि, एंड्रयू ने ग्रिफे के सभी आरोपों को खारिज किया था. गिफ्रे की अप्रैल 2025 में मौत हो गई थी. इसकी वजह आत्महत्या बताई गई थी.
इस संबंध में थेम्स वैली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि जांच के तहत आज हमने नॉरफॉक के साठ वर्ष की आयु वाले एक व्यक्ति को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के संदेह में गिरफ्तार किया है. बर्कशायर और नॉरफॉक स्थित पतों पर तलाशी की जा रही है. यह व्यक्ति फिलहाल पुलिस हिरासत में है.
बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार हम गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम उजागर नहीं करेंगे. कृपया यह भी ध्यान रखें कि यह मामला अभी एक्टिव है इसलिए इस खबर के पब्लिकेशन में सावधानी बरती जाए, ताकि अदालत की अवमानना न हो. सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा कि जांच के बाद हमने सार्वजनिक पद के दुरुपयोग की जांच औपचारिक रूप से शुरू कर दी है. यह बेहद जरूरी है कि हम इस कथित अपराध की जांच करते समय निष्पक्षता बनाए रखें. हमें इस मामले में जनता की दिलचस्पी का पूरा एहसास है और उचित समय पर हम आगे की जानकारी साझा करेंगे.
ब्रिटेन के PM ने एंड्रयू की गिरफ्तारी पर क्या कहा?
एंड्रयू की गिरफ्तारी पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा कि कानून से ऊपर कोई भी नहीं है. हालांकि उन्होंने यह कहने से इनकार कर दिया कि क्या एंड्रयू ने खुद ब्रिटेन की पुलिस के सामने पेश हो जाना चाहिए. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिद्धांत बेहद महत्वपूर्ण है और इस मामले में भी उसी तरह लागू होना चाहिए, जैसे किसी अन्य मामले में होता है. पुलिस इस समय उन आरोपों पर विचार कर रही है, जिनमें यह भी शामिल है कि जेफ्री एपस्टीन ने एंड्रयू के लिए एक महिला की तस्करी कर उसे ब्रिटेन लाया था.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved