
उज्जैन। फ्रीगंज चौपाटी पर भारी भीड़ होती है और रंगदारी को लेकर भी यहाँ पूर्व में गंभीर मामले हो चुके है। कल रात पौने 11 बजे भी चाकूबाजी की घटना हुई है। यहाँ पर पुलिस लगाई जानी चाहिए, क्योंकि मनचले भी अधिक संख्या में आते हैं। टॉवर चौपाटी पर रात में डोसा दुकान संचालक के साथ तीन युवकों ने मारपीट की और उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोपियो ने उससे डोसा मांगा था लेकिन उसने दुकान बंद कर दी थी। इसी बात पर विवाद कर उसके साथ उक्त घटना हुई।
माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि टॉवर चौपाटी फ्रीगंज में गोपाल भूरा निवासी धन्नालाल की चाल नूतन स्कूल के पीछे डोसे की दुकान लगाता है। कल रात दुकान बंद करने पर पिंंटू दरबार अपने साथियों के साथ पहुँचा और गोपाल से डोसा बनाने को कहा। इस पर उसने कहा कि दुकान मंगल कर दी है और अब डोसा नहीं बन पाएगा। इस पर पिंटू ने विवाद शुरू कर दिया और तीनों ने उसके साथ मारपीट कर जाँॅघ पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घायल दुकानदार को अस्पताल में उपचार दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि देर रात तक चौपाटी पर भीड़ लगी रहती है और रात में यहाँ असामाजिक तत्व आकर रंगदारी करते हैं तथा महिलाओं तथा युवतियों के साथ भी छेड़छाड़ की घटनाएँ होती रहती हैं। कल ठेले वाले भी दुकानों पर असामाजिक तत्वों को बैठाए रहते हैं, ऐसे में यहाँ परिवार के साथ पहुँचने वाले लोग असहज महसूस करते हैं। कई बार दुकानदारों के यहाँ बैठे असामाजिक तत्व ग्राहकों से भी बदसलूकी करते नजर आते हैं। ऐसे में यहां चौपाटी पर पुलिस की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि लोग यहां सुरक्षित महसूस कर सकें। कई बार विवाद और चाकूबाजी की घटनाएँ चौपाटी पर हो चुकी हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved