
उज्जैन। आज सुबह नृसिंहघाट क्षेत्र की कॉलोनी में तीन लोगों ने दो लोगों को उनके घर से बुलाकर बुरी तरह से पीटा तथा चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर भाग गए और पुलिस ने मौके पर आकर घायल को अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मामले में जाँच शुरू कर दी है।
महाकाल थाना के उपनिरीक्षक वीरेन्द्र बंदेवार बताया आज सुबह नृसिंहघाट क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाला करण पिता संजय और महेश अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके घर पर राजेश और दो अन्य लोग पहुंचे। राजेश और उसके साथियों ने करण और महेश को आवाज देकर घर से बाहर बुलाया और बाहर आते ही उन पर हमला शुरू कर दिया। आरोपियों ने दोनों पर चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया और भाग निकले। इस दौरान वहाँ अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायल दोनों युवकों को अस्पताल लेकर आए। पुलिस को घायलों ने बताया कि वे भूखी माता मंदिर के पास हारफूल की दुकान लगाते हैं और दो दिन पहले दुकान लगाने को लेकर राजेश से उनका विवाद हुआ था और इसी विवाद के चलते आज सुबह उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में जाँच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved