
इंदौर, विकाससिंह राठौर। शहर में बीती रात दो नए रिकार्ड बन गए। कल रात पहली बार पारा 10.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसने मार्च का पिछले 10 में से 7 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। इसके साथ ही इसी साल की फरवरी का भी रिकार्ड टूट गया। फरवरी में भी कभी पारा इतना नीचे नहीं गया था। तापमान में आई गिरावट के कारण कल रात से सुबह के बीच तीखी ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और कल से गर्मी सताने लगेगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 2.1 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 2.4 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं का रुख पूर्वी रहा और अधिकतम रफ्तार 19 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। दिन में भी धूप के बावजूद हवा में ठंडक थी। वहीं सूरज ढलते ही ठंड का अहसास और बढ़ गया। इसके साथ ही एक बार फिर लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर और पूर्व से आने वाली हवाओं के कारण तापमान में कमी आई है।
फरवरी में 12 डिग्री के नीचे नहीं पहुंचा था पारा
मौसम विभाग के अनुसार फरवरी को ठंड की विदाई और मार्च को गर्मी की शुरुआत का महीना कहा जाता है। लेकिन इस बार फरवरी में सिर्फ एक बार 7 फरवरी की रात को तापमान 12 डिग्री तक पहुंचा था। इसके अलावा ज्यादातर समय तापमान 15 डिग्री के ऊपर ही रहा था। वहीं मार्च में इस यह रिकार्ड भी टूट गया और तापमान 10.8 डिग्री पर जा पहुंचा।
10 सालों में पिछले साल मार्च रहा था सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार ऐसा नहीं है कि इस साल ही मार्च ठंडा है। पिछले 10 सालों में सबसे कम तापमान पिछले ही साल दर्ज किया गया था। 4 मार्च 2024 को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंचा था। लेकिन इस साल दर्ज 10.8 डिग्री के तापमान ने भी पिछले 10 में से 5 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इनमें 2016, 2018, 2019, 2020, 2021, 2022 और 2023 शामिल है।
एक नजर पिछले 10 सालों में मार्च के सबसे कम और ज्यादा तापमान पर
वर्ष न्यून. तारीख अधिक. तारीख
2015 10 3 37.5 27
2016 14.9 9 39 25,27
2017 9.6 12 40.6 30
2018 17 10,13 38.8 31
2019 11.4 5 40.3 30
2020 12 13 36.4 25
2021 14.8 3 40.2 30
2022 14.9 2 38.7 31
2023 15.7 9 36.3 30
2024 9 4 39 28
2025 10.8 6 – –
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान डिग्री सेल्सियस में)
पिछले 7 दिनों में गिरता उठता तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
27 फरवरी 33.9 20.2
28 फरवरी 35 18
1 माच 32.5 17.6
2 माच 30.7 15.8
3 माच 33.1 16.8
4 माच 30.5 13.2
5 मार्च 28.4 10.8
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान डिग्री सेल्सियस में)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved