
मुंबई । महाराष्ट्र (Maharashtra) में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को आरोप लगाया कि मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे (Manoj Jarange) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। हालांकि, जरांगे ने इस आरोप से इनकार किया है। भाजपा के सीनियर नेता और विधान पार्षद प्रवीण दरेकर ने कहा, ‘सभ्य महाराष्ट्र जरांगे को कभी माफ नहीं करेगा। मुंबई उच्च न्यायालय ने सामाजिक आयोजनों के दौरान डीजे और उच्च ध्वनि के उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाया है और इसे लागू करने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन जरांगे ने मुख्यमंत्री की मां को निशाना बनाया।’
प्रवीण दरेकर ने कहा, ‘फडणवीस के प्रति व्यक्तिगत द्वेष से ग्रस्त होकर उन्होंने उनकी मां का अपमान किया। जो व्यक्ति ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है, वह छत्रपति शिवाजी महाराज का अनुयायी नहीं हो सकता।’ भाजपा के अन्य विधान पार्षद प्रसाद लाड ने आरोप लगाया कि जरांगे मराठा आरक्षण आंदोलन के नाम पर अपनी दुकान चला रहे हैं, जबकि महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नवनाथ बान ने कहा कि जरांगे ने सभी सीमाएं लांघ दी हैं।
जरांगे ने आरोपों पर क्या कहा
मनोज जरांगे ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ कोई अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। अगर कुछ भी कहा गया है तो मैं उसे वापस लेता हूं।’ दूसरी ओर, मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे फिर से आंदोलन शुरू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को मंगलवार तक समुदाय के लिए कानूनी ढांचे के भीतर कोटे की घोषणा करनी चाहिए और ऐसा न होने पर वह आंदोलन शुरू करने के लिए मुंबई जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर मंगलवार तक मांग पूरी हो जाती है तो उन्हें मुंबई में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने में कोई रुचि नहीं है, हालांकि यह शांतिपूर्ण आंदोलन होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved