
भोपाल। भोपाल (Bhopal) में विधानसभा सत्र (Assembly Session) के दौरान महंगाई (Inflation) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं हैं। मंगलवार को महिला कांग्रेस (Mahila Congress) ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए सरकार पर रसोई का बजट (Kitchen Budget) बिगाड़ने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सिलेंडर, खाली कड़ाही, चकला-बेलन और थालियां लेकर पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने थाली बजाकर विरोध दर्ज कराया और प्रतीकात्मक रूप से रोटियां बेलते हुए यह संदेश देने का प्रयास किया कि महंगाई के कारण घर-घर की रसोई प्रभावित हो रही है।
इस प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दाल, तेल, आटा और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। उनका आरोप है कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के कारण कई परिवार उसे भरवाने में असमर्थ हैं। रीना बोरासी सेठिया ने कहा कि यदि 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में महंगाई से राहत देने के उपाय शामिल नहीं किए गए तो 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के आवास का घेराव किया जाएगा।
महिला कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये किए जाने की मांग दोहराई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा दरों पर गरीब परिवारों के लिए चूल्हा जलाना कठिन हो गया है। प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि उज्ज्वला योजना के कई हितग्राही सिलेंडर भरवाने में सक्षम नहीं हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग लकड़ियां लाकर भोजन पकाने को मजबूर हैं। महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि आगामी बजट में यदि रसोई खर्च कम करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved