
इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने प्रॉपर्टी धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। फ्लैट विक्रय और रजिस्ट्री के नाम पर करीब 35 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह की यह तीसरी गिरफ्तारी है।
इंदौर क्राइम ब्रांच ने फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीसरी आरोपी सायरा को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में मोहित महाजन और निसार अली को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामला फरियादी फैसल अहमद से जुड़ा है, जिनसे आरोपियों ने फ्लैट बेचने और रजिस्ट्री कराने के नाम पर करीब 35 लाख रुपए ठग लिए थे। आरोपियों ने पहले फ्लैट का सौदा तय किया और नगद व ऑनलाइन माध्यम से राशि प्राप्त कर ली, लेकिन बाद में रजिस्ट्री करने के नाम पर टालमटोल करते रहे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए उसी फ्लैट की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी, जिससे उन्होंने अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित किया। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी सायरा ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से इस ठगी को अंजाम दिया। आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया है कि उन्होंने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है, जिसकी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved