
नई दिल्ली । पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) ने अमृतसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान(Pakistan) समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल(terrorist module) का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन (operation)के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से रिमोट कंट्रोल (remote control)इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), एक विदेशी निर्मित पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस विस्फोटक (explosives)का इस्तेमाल पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बरामद आतंकी सामग्री सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर के सीधे संपर्क में था। यह हैंडलर कथित रूप से पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के निर्देश पर काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंटरनेट कॉलिंग और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए निर्देश प्राप्त कर रहा था। वह एन्क्रिप्टेड डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने की कोशिश कर रहा था। रिमोट कंट्रोल IED की बरामदगी से स्पष्ट है कि किसी भीड़भाड़ वाले इलाके या महत्वपूर्ण ठिकाने को निशाना बनाने की साजिश थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से संभावित बड़े हमले को टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस आतंकी नेटवर्क के पूरे ढांचे का खुलासा किया जा सके। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल से जुड़े और कितने लोग सक्रिय हैं, फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट कहां से मिल रहा था, तथा किन-किन शहरों या प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना थी।
हाल के दिनों में पंजाब में सीमा पार से हथियार और विस्फोटक भेजे जाने के कई मामले सामने आए हैं। एक दिन पहले ही पुलिस ने आरडीएक्स से बने एक IED को बरामद कर बड़ी साजिश को नाकाम किया था। उस मामले में भी एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, जिसके तार आतंकी नेटवर्क से जुड़े बताए गए। इसके अलावा अमृतसर क्षेत्र से बॉर्डर पार से भेजे गए दो हैंड ग्रेनेड की बरामदगी भी हुई थी।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों के जरिए ड्रोन या अन्य माध्यमों से हथियारों की खेप भेजकर प्रदेश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
फिलहाल अमृतसर में पकड़े गए इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved