
नई दिल्ली. अमेरिका (US) और ईरान (Iran) के बीच जारी जंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार (International market) में कच्चे तेल (Crude oil) की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बीच पाकिस्तान सरकार (Government of Pakistan) ने पेट्रोल और डीजल ( petrol and diesel) की दरों में भारी वृद्धि की है.
नई अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 6.39 रुपये और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 7.83 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है. पेट्रोलियम प्रभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, नई बढ़ी हुई दरें 23 जुलाई (गुरुवार) से पूरे देश में प्रभावी हो गई हैं. कीमतों में संशोधन के बाद अब ईंधन की नई दरें इस प्रकार हैं:
– पेट्रोल: ₹327.12 प्रति लीटर (पुराने दाम से ₹6.39 की बढ़ोतरी)
– हाई-स्पीड डीजल (HSD): ₹375.04 प्रति लीटर (पुराने दाम से ₹7.83 की बढ़ोतरी)
अब रोजाना तय होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बदलते दामों को देखते हुए पाकिस्तानी पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बड़ा फैसला करते हुए कहा कि अब देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें दैनिक आधार पर तय की जाएंगी. यह जिम्मेदारी तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण को सौंप दी गई है.
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता और माल ढुलाई पर पड़ेगा. पेट्रोल का मुख्य रूप से इस्तेमाल दोपहिया वाहनों, ऑटो-रिक्शा और छोटी निजी गाड़ियों में होता है, जिससे मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग का बजट बिगड़ेगा. वहीं, डीजल का उपयोग भारी वाहनों, पावर प्लांटों और बड़े जनरेटरों में होता है, जिससे महंगाई और बढ़ने की आशंका है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved