
कोलकाता: बंगाल में मतदाता सूची से वोटरों के नाम काटे जाने के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार से धरना दे रही हैं. कोलकाता के धर्मतला स्थित मेट्रो चैनल में धरना तीन दिनों तक चलेगा. मेट्रो चैनल पर धरने के दूसरे दिन ममता बनर्जी ने फिर से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा और गैस सिंलेंडर की कीमत में वृद्धि के खिलाफ रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं से घर का बर्तन लेकर और काली साड़ी पहनकर विरोध जुलूस निकालने का आह्वान किया.
ममता बनर्जी ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “कल गैस की कीमत 60 रुपए बढ़ाई गई. तीन दिन पहले गैस की कीमत 49 रुपए बढ़ाई गई. वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत 2100 रुपए हो गई है और छोटे सिलेंडर की कीमत 1000 रुपए हो गई हैं. वे कहते हैं कि आपको 21 दिन पहले बुकिंग करनी होगी.”
उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “क्या जिसके घर में गैस खत्म हो जाएगी. लोग 21 दिनों तक बिना खाना बनाए रहेंगे? क्या आप पहले इन चीजों के बारे में नहीं सोचते? लोग क्या खाएंगे?”
ममता एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में सड़कों पर उतरने का ऐलान किया. उन्होंने महिलाओं से काली साड़ी पहनकर और बर्तन लेकर जुलूस निकालने का आह्वान किया.
ममता ने धरना मंच से कहा, “कल जुलूस निकलेगा. गैस नहीं, खाना नहीं, इसीलिए इंटरनेशनल विमेंस डे पर बर्तन, कड़ाही, कटोरी के साथ विरोध जुलूस निकलेगा. इंसानियत को बनाए रखने के लिए, कल मां-बहनें सड़कों पर उतरें और विरोध करें. अगर जरूरी हो, तो काली साड़ी पहनें. कोई गैस ओवन ला सकता है. उनके शब्दों में, “खाना पकाने के लिए जो कुछ भी जरूरी हो, वह साथ लाएं.” हालांकि, उन्होंने तुरंत चेतावनी दी, “यह (प्रोग्राम) विरोध के लिए है, अशांति के लिए नहीं. आपको विरोध की भाषा चुननी होगी.”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved