
एम्बुलेंस के साथ दूल्हा-दुल्हन तक फंस गए भीषण जाम में
इंदौर। शहर (Indore) में वैसे तो रोजाना ही कहीं ना कहीं यातायात जाम (Traffic jam) की त्रासदी वाहन चालकों को भुगतना पड़ती है, वहीं विभिन्न आयोजनों और खासकर अभी शादियों (Weddings) के चलते बायपास (Bypass) से लेकर एमआर-10 (MR-10), अन्नपूर्णा सहित अन्य क्षेत्रों में भी भीषण जाम लग रहा है। एक तरफ फ्लायओवर, मेट्रो सहित सडक़ों के कार्य चल रहे हैं, तो दूसरी तरफ मनमर्जी से कहीं भी मैरिज गार्डन संचालित हो जाते हैं, जहां पर पार्किंग सहित अन्य कोई सुविधा नहीं रहती। कल बसंत पंचमी पर बड़ी संख्या में शादियों के आयोजन हुए, जिसके चलते चंद्रगुप्त चौराहा से एमआर-10 बापट तक तीन घंटे से भी अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा।
कल इस जाम में एक एम्बुलेंस तो फंसीही और अपनी ही शादी में जा रहे दूल्हा-दुल्हन भी जाम में फंस गए, जिसके चलते शादी की रस्म भी देर से शुरू हुई। अभी रोजाना ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के अमले द्वारा फुटपाथों, सडक़ों से अतिक्रमणों हटा रहा है, लेकिन इस कार्यवाई में सिर्फ दुकानों के टीन-टप्पर या आगे बढ़ाकर रखे गए सामानों को हटाने की कार्रवाई ही अधिक की जाती है, मगर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के दो-चार दिन बाद ही वापस काबिज हो जाते हैं। दूसरी तरफ होटलों, मैरिज गार्डनों में शादियों से लेकर अन्य तमाम आयोजन बड़ी संख्या में होने लगे हैं, जिसमें भी नियम-कायदों का पालन नहीं किया जाता। नियमानुसार मैरिज गार्डनों में 40 प्रतिशत पार्किंग भीतर ही करना अनिवार्य है। अधिकांश मैरिज गार्डनों में एक भी वाहन अंदर खड़े करने की सुविधा नहीं है और सारे वाहन सडक़ों पर खड़े होते हैं। कल जो रात को भीषण जाम लगा उसका एक बड़ा कारण सडक़ों पर वाहनों की पार्किंग तो रही, वहीं बाणगंगा ओवरब्रिज निर्माण के चलते लोक निर्माण विभाग ने बिना सूचना सडक़ बंद कर दी, तो दूसरी तरफ निगम ने खुदाई कर रखी है और मेट्रो का काम भी चल रहा है। एसीपी यातायात सुप्रिया चौधरी का कहना है कि सडक़, ओवरब्रिज या अन्य निर्माण करने वाले विभागों द्वारा यातायात पुलिस से सम्पर्क ही नहीं किया जाता है।