टोक्यो । जापान (Japan) इन दिनों भूकंप और सुनामी के संकट से जूझ रहा है। इस बीच मंगलवार को यहां पर मेगाक्वैक एडवायजरी (Megaquake Advisory) जारी की गई। इसे एक रेयर एडवायजरी (Rare Advisory) कहा जाता है। ओमोरी के पूर्वी तट पर 7.5 मैग्नीट्यूड का भूकंप आने के बाद यह चेतावनी जारी की गई है। इस भूकंप से बहुत ज्यादा नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में खतरा बढ़ सकता है। इसी वजह से यह चेतावनी जारी की गई है। अगर यहां पर सुनामी आती है तो यह 98 फीट ऊंची हो सकती है। इससे करीब दो लाख लोगों के मारे जाने की आशंका है।
जापान के अधिकारियों पर 2011 का डर हावी है। उस साल भूकंप के चलते काफी तबाही हुई थी। इसमें करीब 20 हजार लोग मारे गए थे। वहीं, फुकुशिमा न्यूक्लियर संकट भी पैदा हुआ था। जापान के मौसम विभाग के मुताबिक इस बात की संभावना है कि अगले हफ्ते 8 से ज्यादा मैग्नीट्यूड का भूकंप आने की आशंका है। इसलिए समुद्र के तटीय इलाकों में रहने वालों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। साथ ही इमरजेंसी किट तैयार रखने और जरूरत होने पर तेजी से जगह खाली करने के लिए कहा गया है।
2011 की सुनामी, कुछ क्षेत्रों में 15 मीटर (50 फीट) तक पहुंची थी। इसने इवाते, मियागी और फुकुशिमा के तटीय समुदायों को तबाह कर दिया और फुकुशिमा डाइइची परमाणु संयंत्र को नष्ट कर दिया। इसके बाद रेडिएशन को लेकर गहरी और लंबे समय तक रहने वाली चिंताएं सामने आई थीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved