वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barack Obama) ने एक इंटरव्यू में चुनावी राजनीति में लौटने की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर वे दोबारा चुनाव लड़ने की कोशिश करेंगे तो उनकी पत्नी मिशेल ओबामा (Michelle Obama) उनसे तलाक दे सकती हैं।
पॉडकास्ट में किया साफ इनकार
राजनीतिक टिप्पणीकार ब्रायन टायलर कोहेन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान ओबामा ने कहा कि अब वे खुद को सक्रिय राजनीतिज्ञ नहीं मानते। उन्होंने कहा कि भले ही संविधान कुछ पदों के लिए चुनाव लड़ने की अनुमति देता हो, लेकिन उनकी व्यक्तिगत रूप से राजनीति में वापसी की कोई इच्छा नहीं है।
“मैं संविधान में भी विश्वास करता हूं और अपनी शादी में भी। अगर मैंने दोबारा चुनाव लड़ने की कोशिश की, तो मिशेल मुझे तलाक दे देंगी।”
निजी जीवन को दे रहे प्राथमिकता
ओबामा ने संकेत दिया कि सार्वजनिक जीवन के लंबे दौर के बाद अब वे परिवार और निजी जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका सक्रिय चुनावी राजनीति में लौटने का कोई इरादा नहीं है।
सोशल मीडिया के माहौल पर जताई चिंता
बातचीत के दौरान उन्होंने हालिया राजनीतिक माहौल और सोशल मीडिया पर बढ़ती कटुता पर भी चिंता जताई। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि आज की सार्वजनिक बहस में शालीनता और सम्मान का स्तर गिरता जा रहा है, जो लोकतांत्रिक संवाद के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
ओबामा के इस बयान ने उनकी राजनीतिक वापसी की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब उनका ध्यान सार्वजनिक पदों की बजाय निजी जीवन, संवाद और सामाजिक मुद्दों पर रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved