
वाशिंगटन। चीन की म्यूजिक ऐप टिक टॉक भारत के बाद अब अमेरिका में भी बैन हो सकती है। इसको लेकर कभी भी घोषणा की जा सकती है। इसी बीच इसके बिकने की खबरें भी आ रही है। एक जानकारी के मुताबिक, दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट टिक टॉक के अमेरिकी ऑपरेशंस को खरीद सकती है। इसको लेकर बातचीत आखिरी दौर में है। आपको बता दें कि भारत ने टिकटॉक समेत 106 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगाया है और इस कदम का अमेरिकी प्रशासन एवं सांसदों दोनों ने स्वागत किया है। ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वे कुछ अन्य चीजें भी कर सकते हैं। कई विकल्प हैं, लेकिन इस बीच बहुत सारी चीजें हो रही हैं तो देखना होगा कि क्या होता है। पर टिकटॉक के संबंध में वे बहुत सारे विकल्पों को देख रहे हैं।
अमेरिकी न्यूजपेपर वॉल स्ट्रीट जर्नल की खबर में बताया गया है कि भारतीय मूल के अमेरिकी सत्य नडेला की अगुवाई वाली कंपनी माइक्रोसॉफ्ट टिक-टॉक के अमेरिकी काम-काज को अधिगृहित करने की बातचीत में काफी आगे बढ़ चुकी है। यह सौदा अरबों डॉलर का हो सकता है।
एक जानकारी के मुताबिक सोमवार तक एक सौदा पूरा हो सकता है और इस बातचीत में माइक्रोसॉफ्ट, बाइटडांस और व्हाइट हाउस के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। बातचीत में बदलाव संभव है और सौदा नहीं भी हो सकता है। चीन की बाइटडांस टिकटॉक की मूल कंपनी है।
आपको बता दें कि भारत के बाद अब अमेरिका में किसी भी समय चीनी ऐप टिक टॉक पर प्रतिबंध लग सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीनी ऐप टिक टॉक को बैन करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वह कई सारे विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved