
नई दिल्ली। राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और टोक्यो ओलंपिक 2020 की प्रतिभागी (National Hockey Player and participant of Tokyo Olympics 2020) लालरेमसियामी (Lalremsiami) को मिजोरम सरकार (Mizoram government) ने खेल एवं युवा सेवा विभाग के अंतर्गत हॉकी (ग्रुप-ए) का मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह जानकारी मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने ट्विटर पर पोस्ट जारी कर साझा दी।
जोरामथांगा ने गुरुवार रात एक ट्वीट में लिखा, “यह बताते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि मिजोरम सरकार ने राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और मिजोरम से टोक्यो ओलंपिक में खेलने वाली एकमात्र खिलाड़ी लालरेमसियामी को हॉकी (ग्रुप ए) का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने की मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति राज्य के खेल एवं युवा सेवा विभाग के तहत होगी।”
वहीं, लालरेमसियामी की नियुक्ति को लेकर पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मिजोरम के मुख्यमंत्री को दिल से धन्यवाद, जो उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। रिजिजू ने लालरेमसियामी को बधाई देते हुए कहा कि आपकी उपलब्धि दूसरों को खेलों में सक्रिय भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य लालरेमसियामी को मिजोरम सरकार ने घर बनाने के लिए जमीन और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी। सरकार की ओर कहा गया था कि लालरेमसियामी को सरकारी नौकरी की पेशकश की जायेगी और उन्हें उनके गृहनगर में घर बनाने के लिए प्लॉट दिया जायेगा। इसी के तहत आज उन्हें हॉकी का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved