मुंबई। मुस्लिम बहुल आबादी वाले देश इंडोनेशिया (Indonesia) में ब्यूटी कंपटीशन प्रतियोगिता (Beauty Pageant Competition) से एक मॉडल (Model) को बिना किसी आधिकारिक घोषणा के बाहर निकाल दिया गया। यह महिला मॉडल हाइलैंड पापुआ द्वीप का प्रतिनिधित्व कर रहीं थी। बताया जा रहा है कि मॉडल ने दो साल पहले इजरायली झंडा लहराते हुए यहूदी देश का सपोर्ट किया था। जैसे ही महिला का यह वीडियो सामने आया, देश में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला, जिसके बाद दबाव में आकर आयोजकों को यह फैसला लेना पड़ा।
वीडियो में क्या था?
महिला का नाम मेरिन्स कोगोया बताया जा रहा है। यह वीडियो कथित तौर पर उस समय का है जब मेरिन्स कोगोया विदेश में पढ़ाई कर रही थीं। वीडियो में वह इज़रायली झंडा लहराते हुए दिख रही हैं और साथ में एक कैप्शन लिखा है: “सिय्योन के लिए समर्पित, यरुशलम के प्रति निष्ठावान, इज़रायल के लिए खड़े हैं।”
इंडोनेशिया का इजरायल से क्या रिश्ता
इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश है और वह फिलिस्तीन का खुला समर्थक है। देश की आधिकारिक नीति के तहत इज़रायल के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं है। हाल ही में राष्ट्रपति प्रबवो सुबियांतो ने कहा था कि इंडोनेशिया तभी इज़रायल से संबंध बनाएगा जब वह फिलिस्तीन को मान्यता देगा।
प्रतियोगिता से हटाया
विवाद बढ़ते ही मिस इंडोनेशिया आयोजकों ने चुपचाप मेरिन्स कोगोया को क्वारंटीन पीरियड के दौरान ही बाहर कर दिया और उनकी जगह प्रथम रनर-अप कर्मेन अनास्तासिया को नियुक्त किया गया। हालांकि, मिस इंडोनेशिया संगठन ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
इंटरनेट पर रिएक्शन
एक ओर सोशल मीडिया पर लोगों ने कोगोया की आलोचना करते हुए कहा, “जो लड़की इजरायली जुल्म को सिर्फ धार्मिक संघर्ष मानती है, वह मिस इंडोनेशिया बनने की हकदार नहीं। उसे न तो ज्ञान है, न ही संवेदना।” वहीं दूसरी ओर कुछ लोग कोगोया के समर्थन में भी सामने आए। एक यूज़र ने लिखा, “क्या यह प्रतियोगिता अब हामास समर्थक बनने की होड़ है? कितनी बेवकूफी है ये।”
मेरिन्स कोगोया की सफाई
आलोचनाओं के बीच मेरिन्स कोगोया ने इंस्टाग्राम स्टोरी में सफाई दी कि वीडियो राजनीतिक नहीं, बल्कि उनकी ईसाई आस्था को दर्शाता है। उन्होंने लिखा, “मैं बस मसीह की अनुयायी के रूप में प्रार्थना कर रही थी, लेकिन मेरे पुराने वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।”
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved