
नई दिल्ली । कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा (Congress spokesperson Pawan Kheda) ने कहा कि मोदी सरकार (Modi Government) अमेरिका के दबाव में काम कर रही है (Is working under pressure from America) ।
भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए अमेरिका द्वारा 30 दिन की छूट दिए जाने की खबरों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सवाल किया कि भारत जैसे संप्रभु देश को यह तय करने के लिए किसी अन्य देश की अनुमति क्यों लेनी पड़े कि वह किससे तेल खरीदे ।
कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेड़ा ने कहा कि रूस लंबे समय से भारत का ऊर्जा साझेदार रहा है और भारत वर्षों से उससे तेल आयात करता रहा है। ऐसे में यदि भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए “छूट” दी जा रही है, तो यह देश की विदेश नीति और रणनीतिक स्वायत्तता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अमेरिका के दबाव में काम कर रही है और अपनी स्वतंत्र विदेश नीति से समझौता कर रही है। खेड़ा ने कहा कि क्या अब भारत को तेल आयात के लिए भी अमेरिका से लाइसेंस लेना पड़ेगा।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अमेरिकी अधिकारियों के कुछ बयानों का हवाला देते हुए कहा कि हाल के वक्त में ऐसे संकेत मिले हैं कि अमेरिका अपने आर्थिक और रणनीतिक हितों को प्राथमिकता देते हुए भारत के साथ संबंधों को देख रहा है। खेड़ा ने कहा कि भारत को अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए और किसी भी देश को यह अधिकार नहीं दिया जा सकता कि वह भारत की ऊर्जा नीति तय करे। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भारत की विदेश नीति की पहचान उसकी स्वतंत्रता और संतुलन रही है, और सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि देश के रणनीतिक और आर्थिक फैसले पूरी तरह भारत के हितों के आधार पर ही लिए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved