
सैन फ्रांसिस्को । बिल गेट्स ने कहा है कि लोगों को कोरोना से खुद को बचाने के लिए कोविड-19 वैक्सीन की कई खुराक लेनी पड़ सकती है। माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक का कहना यह भी है कि मौजूदा वक्त कोई भी वैक्सीन ऐसी नहीं लग रही है जो एक ही खुराक में कारगर साबित हो सके।
उल्लेखनीय है कि फिलहाल कोरोना वायरस कोविड-19 की 150 से अधिक वैक्सीन विकास के विभिन्न चरणों में हैं। इनमें से कुछ अब नैदानिक परीक्षण के अगले चरण की ओर अग्रसर हो रही हैं। बिल एवं मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने कोविड-19 की काट खोजने के लिए वैश्विक प्रयास में तीस करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद दी है।
इस संबंध में एक ब्लॉग पोस्ट के दौरान बिल गेट्स ने पहले कहा था कि महामारी का मुकाबला करने के लिए एक सुरक्षित और प्रभावी टीके को विकसित करने की तत्काल जरूरत है। इसके विकास के लिए जहां जैसी सहायता की आवश्यकता होगी, उसमें जितना अधिक संभव होगा उतना धन मुहैया कराने की कोशिश उनका फाउंडेशन करेगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved