
इंदौर। इन दिनों शहर में बच्चा चोरी की अफवाह सोशल मीडिया पर चरम पर है। यूजर्स बिना तस्दीक के कोई भी वीडियो शेयर करने से बाज नहीं आ रहे, जिससे लोग भ्रमित हो रहे हैं। अब पुलिस ऐसे लोगों पर सीधे कार्रवाई कर रही है। कल ही तीन लोगों पर केस दर्ज हुए हैं। खजराना में दो यूजर्स ने ऐसा ही किया। सडक़ पर एक महिला अपनी सास से बच्ची को जबरदस्ती छुड़ाकर ले जा रही थी। दोनों के बीच मारपीट भी हुई, लेकिन सास ने बच्ची को नहीं दिया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैला दी कि बच्चा चोर एक महिला दूसरी महिला से बच्चा चुराकर ले जा रही है और वीडियो को लोग शेयर करने लगे।
अलग-अलग लोग अलग-अलग मैसेज लिखकर वीडियो को आगे बढ़ाते गए। जैसे ही यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने इसकी जांच कराई। पता चला कि खजराना थाने में दुर्गाबाई ने एक केस दर्ज करवाया है कि उसकी बहू पिंकी उससे अलग रह रही है और बच्ची दादी के पास रह रही थी। पिंकी बच्ची को जबरदस्ती लेने आई थी। जांच में यह सत्यापित हुआ कि पिंकी बच्चा चोर नहीं, बल्कि बच्ची की मां है, जिसके बाद वीडियो को शेयर करने वाले दो सोशल मीडिया यूजर्स पर पुलिस ने केस दर्ज किया। इसी तरह राऊ में भी एक यूजर्स ने अफवाह फैलाई कि बच्चा चोर महिला को पकड़ा है, माता-पिता सतर्क रहें। हीरानगर में एक व्यक्ति को बच्चा चोर बता दिया, जबकि वह बच्चा चोर नहीं था।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved