
भोपाल। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया (Sports and Youth Welfare Minister Yashodhara Raje Scindia) ने कहा है कि प्रदेश में विभिन्न अकादमी ऑफ एक्सीलेंस संचालित हैं। वर्तमान में प्रदेश के खिलाड़ी न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल हुए हैं। अगर किसी भी खेल अकादमी से हमें राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी नहीं मिल रहे हैं तो ऐसी अकादमी का औचित्य नहीं है। ऐसी अकादमी को बंद किया जायेगा।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया मंगलवार को टीटी नगर स्टेडियम में हॉकी अकादमी की समीक्षा कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने ग्वालियर स्थित हॉकी अकादमी की समीक्षा में कहा कि प्रदेश के सभी अकादमी में रहने वाले खिलाड़ियों की डिजिटलाइज्ड मेडिकल फाइल बनाई जाएगी। हर अकादमी के प्रत्येक खिलाड़ी का ब्लड टेस्ट किया जायेगा। उनकी फाइल बनाई जायेगी जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी की पर्सनल प्रोफाइल जैसे ब्लड ग्रुप, ब्लड टेस्ट की रिपोर्टस, कितने बच्चें कोरोना पॉजिटिव हुए हैं उनकी इन्ज्योरी आदि मेनटेन किया जायेगा।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ग्वालियर महिला हॉकी अकादमी के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने पॉवर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से अकादमी में चल रहे निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण गुलशन बामरा, नवागत खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता और हॉकी प्रशिक्षक परमिंदर सिंह उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved