
भोपाल। भाजपा सांसद (BJP MP) साध्वी प्रज्ञा ठाकुर (Pragya Thakur) का नवरात्रि (Navratri) के दौरान एक अलग अंदाज देखने को मिला। बुधवार को प्रज्ञा ठाकुर भोपाल (Bhopal) के शक्तिनगर में मां काली मंदिर पहुंची. मां की पूजा अर्चना करने के बाद उन्होने ग्राउंड में मौजूद खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने महिला खिलाड़ियों के साथ कबड्डी (Kabaddi) के मैदान में भी हाथ आजमाया। इसके बाद से कांग्रेस (Congress) ने तंज कसने शुरू कर दिए हैं।
साध्वी ग्राउंड में खेल रहे प्लेयर्स के बीच पहुंचीं और हाथ मिलाकर सभी की हौसला अफजाई की। इस दौरान खिलाड़ियों के उनसे कबड्डी खेलने का अनुरोध किया, जिसे वो मना नहीं कर पाईं। साध्वी ने महिला खिलाड़ियों के साथ कबड्डी खेली। इससे पहले मंगलवार को भी साध्वी प्रज्ञा का गरबा खेलना चर्चा में आ गया था। अब उनका कबड्डी खेलना भी विपक्ष के लिए एक मुद्दा बन गया है।
वीडियो पर विपक्ष हमलावर
साल 2008 के मालेगांव ब्लास्ट में आरोपी रहीं प्रज्ञा ठाकुर के एक और वीडियो पर विपक्ष हमलावर दिखाई दिया था, जिसमें वो भोपाल के शक्तिनगर में बास्केटबाल खेलते दिखाई दी थीं. प्रज्ञा सिंह जुलाई में एक बास्केटबॉल ग्राउंड पर पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं, जहां ग्राउंड पर खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करते देख प्रज्ञा सिंह उनके बीच पहुंच गईं और खुद भी खेलने लगी। इसके बाद से कांग्रेस उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की टिप्पणी कर रही है। उस समय कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा था कि अक्सर व्हीलचेयर पर नजर आने वालीं प्रज्ञा सिंह को स्टेडियम में बास्केटबॉल पर हाथ आजमाते देखा तो खुशी हुई।
कबड्डी खेलने पर कांग्रेस ने कसा तंज
बास्केटबॉल के बाद अब साध्वी प्रज्ञा के कबड्डी खेलने पर कांग्रेस की तरफ से लगातार तंज कसे जा रहे हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने वीडियो को ट्वीट किया और साथ में लिखा, ‘इनकी NIA कोर्ट में अगली ‘पेशी’ कब है?’. दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर ने कुछ समय पहले ही खुद को अस्वस्थ बताते हुए एनआईए से पेशी में छूट की मांग की थी।
गौरतलब है कि सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सेहत से जुड़ी कई तरह की परेशानी है। उन्हें हाईब्लड प्रेशर भी है। इस कारण वो लंबे समय से व्हील चेयर पर दिखाई देती रही हैं। साध्वी प्रज्ञा को पिछले साल दिसंबर में कोरोना भी हो गया था. उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved