
ग्वालियर. आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (Agra-Mumbai National Highway) पर घाटीगांव सिमरिया मोड़ पर कूनो (Kuno) से भागे दो चीतों (cheetah) में से एक चीते की मौत हो गई। जंगल से निकलकर जब सड़क पर चीता आया तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (speeding vehicle) ने उसे कुचल दिया। दूसरे चीते की तलाश की जा रही है। सूचना मिलते ही घाटीगांव थाना पुलिस और वन विभाग के अफसरों ने घटनास्थल को निगरानी में ले लिया है। कूनो के अफसर भी स्पॉट पर पहुंच गए हैं। चीते के शव को कूनो पहुंचाया जा रहा है, जहां एक्सपर्ट्स का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा।
सैटेलाइट कॉलर आईडी से लगातार चीतों पर नजर रखी जा रही थी। जैसे ही सड़क हादसा हुआ अफसरों को सूचना मिल गई है। घटनास्थल पर काफी भीड़ थी, लेकिन वन विभाग के अफसरों ने पुलिस तक को पास नहीं आने दिया। पूरी कार्रवाई वन विभाग के अफसर कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मृत चीते का नाम KG-3 मादा है। इसका जन्म कूनो नेशनल पार्क में ही हुआ था। यह गामिनी का शावक बताया जा रहा है। बता दें कि कूनो के जंगल से निकलकर दो चीता घाटीगांव के जंगल में पहुंच गए थे। यहां रविवार तड़के 5 बजे के लगभग वह घाटीगांव के जंगल से निकलकर आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर सड़क क्रॉस कर दूसरी तरफ जा रहे थे कि तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक चीता को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चीता हाईवे किनारे गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद जब चीता पड़ा लोगों ने देखा तो पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।
बता दें कि कूनो से दो युवा चीते भागे थे। दोनों की लोकेशन घाटीगांव के सिमरिया मोड के आसपास आ रही थी। कूनो से वन विभाग की टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। शनिवार शाम को सिमरिया इलाके में एक गाय पर दोनों चीतों ने हमला किया था। जिसमें गाय की मौत हो गई थी। तभी से वन विभाग के अफसरों ने यहां अपना डेरा जमा लिया था।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved