
लंदन। टी20 विश्वकप 2026 से पहले पहले ही राजनीति और बहिष्कार के साये में फंसे क्रिकेट को लेकर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर तीखा हमला बोलते हुए बांग्लादेश और पाकिस्तान के रुख का खुला समर्थन किया है। हुसैन का यह बयान कई क्रिकेट प्रेमियों को पक्षपाती और गैर-जिम्मेदाराना लग रहा है।
स्काई स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर माइकल एथर्टन के साथ बातचीत में नासिर हुसैन ने आरोप लगाया कि आईसीसी बड़े और ताकतवर बोर्ड्स, खासकर भारत, के साथ नरमी बरतता है। उन्होंने सवाल उठाया, ‘अगर भारत टूर्नामेंट से ठीक पहले यह कह दे कि उसकी सरकार किसी देश में खेलने की इजाजत नहीं दे रही, तो क्या आईसीसी उतना ही सख्त रुख अपनाता?’ उनका यह बयान सीधे तौर पर भारत को कटघरे में खड़ा करता है, जबकि मौजूदा विवाद की जड़ बांग्लादेश और पाकिस्तान के फैसले हैं।
नासिर हुसैन ने खुलकर कहा, ‘मुझे अच्छा लगता है कि बांग्लादेश अपने खिलाड़ियों के लिए डटा रहा। और मुझे यह भी पसंद है कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया।’ यहीं से आलोचना तेज हो जाती है। सवाल यह है कि क्या आईसीसी टूर्नामेंट जैसे वैश्विक आयोजन में बहिष्कार को अच्छा कहना क्रिकेट की भावना के अनुरूप है?
कंसिस्टेंसी की बात, लेकिन जिम्मेदारी से किनारा
हुसैन ने कहा, ‘सबको बस एक ही चीज चाहिए, निरंतरता। बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए।’ उन्होंने यह भी जोड़ा, ‘पावर के साथ जिम्मेदारी आती है।’ हालांकि, फैंस का कहना है कि हुसैन ने यह नहीं बताया कि अनुबंध तोड़ना, मैच न खेलना और अंतिम समय पर टूर्नामेंट को संकट में डालना किस तरह जिम्मेदारी का उदाहरण है।
भारत के पाकिस्तान न जाने के फैसले के बाद आईसीसी ने न्यूट्रल वेन्यू का फॉर्मूला लागू किया था। इसके बावजूद पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ ग्रुप मैच से खेलने से इनकार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान ने अब तक इस फैसले की औपचारिक सूचना आईसीसी को भी नहीं दी है।
पीसीबी के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने भी इस मौके पर बीसीसीआई पर हमला बोला और कहा, ‘हर स्तर पर बीसीसीआई ने दूसरे बोर्ड्स को दबाया है।’ उन्होंने ‘बिग थ्री मॉडल’ का जिक्र करते हुए इसे असमान बताया और पुराने भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय विवादों को फिर से उठाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved