गाजियाबाद। भारत सिटी सोसाइटी (Bharat City Society) में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या (Suicide) के मामले की जांच कर रही पुलिस ने पारिवारिक और आर्थिक परिस्थितियों (Conomic conditions) को लेकर कई बिंदुओं पर पड़ताल तेज कर दी है। मंगलवार को भी पुलिस ने परिजनों और परिचितों से पूछताछ की तथा परिवार की पृष्ठभूमि और आय के स्रोतों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
कई कारोबारों से जुड़ा था परिवार
पुलिस के अनुसार, बच्चियों के पिता चेतन प्रॉपर्टी डीलिंग, वाहनों की खरीद-फरोख्त, क्रेडिट कार्ड से संबंधित काम, शेयर ट्रेडिंग और फॉरैक्स जैसे अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े रहे हैं। जांच में सामने आया है कि अलग-अलग बैंकों में उनके तीन खाते थे, जिनका विवरण खंगाला जा रहा है ताकि आर्थिक स्थिति और लेनदेन की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सके। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला कि कोरोना काल से पहले तक प्रॉपर्टी और वाहन कारोबार से उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर थी, लेकिन बाद में शेयर कारोबार में नुकसान होने से वित्तीय दबाव बढ़ा।
[relopst]
काम के दौरान हुई पहचान, बाद में विवाह
पुलिस का कहना है कि क्रेडिट कार्ड से जुड़े काम में मदद के लिए चेतन ने टीना उर्फ नाजनीन नाम की युवती को काम पर रखा था। जांच के दौरान परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच बाद में निजी संबंध बने और युवती के गर्भवती होने के बाद कोर्ट मैरिज की गई।
पुलिस इन तथ्यों का स्वतंत्र सत्यापन कर रही है।
पहले से मौजूद पारिवारिक संबंधों को लेकर भी जांच
जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन की पहले से दो शादियां थीं। तीसरी शादी के बाद परिवार में तनाव की स्थिति बनी थी और कुछ समय के लिए अलगाव भी हुआ, हालांकि बाद में परिवार साथ रहने लगा। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक गतिशीलता और बच्चों के वातावरण को समझने के लिए इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बच्चियों की पढ़ाई और व्यवहार को लेकर जानकारी जुटाई गई
पुलिस ने बच्चियों की ट्यूशन टीचर से भी पूछताछ की है। शिक्षक ने बताया कि तीनों छात्राएं पढ़ाई में कमजोर थीं और उन्हें विशेष मार्गदर्शन की आवश्यकता थी। पुलिस अब यह भी देख रही है कि क्या शिक्षा, पारिवारिक माहौल या अन्य किसी सामाजिक कारण का मानसिक स्थिति पर प्रभाव पड़ा।
आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक पहलुओं की संयुक्त जांच
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले को केवल एक कोण से नहीं देखा जा रहा है।
वित्तीय लेनदेन,पारिवारिक संबंध,
बच्चों की शिक्षा और सामाजिक वातावरण,
इन सभी पहलुओं का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही सामने आएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved