
भोपाल। आमतौर पर प्रदेश में दिसंबर का दूसरा पखवाड़ा कड़ाके की सर्दी के बीच गुजरता है, लेकिन इस बार राहत है। अभी तक सर्दी अपना तेवर नहीं दिखा पाई है। फिलहाल प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही है। हालांकि शनिवार शाम से उत्तरी हवाओं ने सर्दी का अहसास कराना शुरू कर दिया। ऐसे में अगले दो दिन में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल में कड़ाके की सर्दी के आसार बन रहे हैं। इधर, दिल्ली एवं उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रही ठंड और कोहरे का असर रेल और हवाई यातायात पर पडऩे लगा है।
शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ग्वालियर और दतिया में 8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बाकी स्थानों पर यह 10 डिग्री के ऊपर रहा। दोपहर बाद हवा का रुख उत्तरी होने के बाद अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला ने बताया, कड़ाके की सर्दी के लिए उत्तर में बर्फबारी होना जरूरी है। इस बार जो पश्चिमी विक्षोभ अब तक आए हैं, वे ज्यादा ताकतवर नहीं रहे। कड़ाके की सर्दी के लिए ज्यादा बर्फबारी होनी चाहिए या मावठा पडऩा चाहिए।
कोहरे से फ्लाइट में देरी होने पर मिलेगा विकल्प
एयर इंडिया ने कोहरे के कारण फ्लाइट में देरी को लेकर यात्रियों के लिए ‘फॉगकेयरÓ पहल शुरू की है। एयर इंडिया ने कहा कि कोहरे के कारण फ्लाइट में देरी होने पर वह यात्रियों से संपर्क कर उन्हें अपनी प्रभावित उड़ानों को बिना शुल्क के पुनर्निर्धारित करने या रद्द करने का विकल्प देगी। इसकी शुरुआत दिल्ली हवाईअड्डे से आने और जाने वाली उड़ानों के लिए की जाएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved