मैक्सिको सिटी । मैक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य के एक बार में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत का वातावरण बन गया। फायरिंग में चार महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गयी। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मैक्सिको गुआनाजुआतो राज्य के अपासियो एल ऑल्टो शहर में एक बार में गुरुवार रात नौ बजे के आसपास अचानक हथियारों से लैस कुछ लोग आए और बार में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक फायरिंग होने से बार व उसके आसपास भगदड़ का माहौल बन गया और लोगों में चीख-पुकार मच गयी। कुछ देर फायरिंग करने के बाद हमलावर भाग गए। इसके बाद पुलिस व बचाव दल ने फायरिंग के शिकार लोगों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग में पांच पुरुष और चार महिलाएं मारे गए। इसके अलावा दो अन्य महिलाएं घायल हुई हैं, जिनकी हालत गंभीर है। हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल पर दो पोस्टर भी मिले हैं जो एक आपराधिक समूह की ओर इशारा करते हैं।
उल्लेखनीय है कि गुआनाजुआतो एक औद्योगिक केंद्र है। यहां पिछले महीने इरापुआटो शहर में इसी तरह की एक गोलीबारी की घटना में एक बार में 12 लोगों की मौत हो गई थी। सितंबर में हुई गोलीबारी की एक अन्य घटना में दस लोगों की मौत हो गई थी।(हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved