
नई दिल्ली (New Delhi) । बाढ़ (flood) से बेहाल दिल्ली (Delhi) को राहत मिलती नहीं दिख रही है। कई दिनों बाद खतरे के निशान से नीचे जाती दिख रही यमुना (Yamuna) का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह एक बार फिर नदी में पानी पढ़ने लगा और लगातार कई घंटों तक वृद्धि दर्ज की गई। सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर बढ़कर 205.70 हो गया। सुबह 9 बजे जलस्तर 205.58 मीटर दर्ज किया गया, जबकि 8 बजे 205.50 मीटर था।
यमुना के जलस्तर ने पिछले सप्ताह 207.49 मीटर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया था और यह 12 जुलाई को 208 मीटर के स्तर को पार कर गया था। जलस्तर अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। दूसरी तरफ हिमाचल से दिल्ली तक एक बार फिर भारी बारिश की भविष्यवाणी ने भी खतरे को बढ़ा दिया है। पहाड़ों पर अधिक बारिश के बाद एक बार फिर हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा जा सकता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जलस्तर में कमी शुरू हो गई है और लोग जल्द ही राहत शिविरों से अपने घर लौट सकेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पानी नीचे जाने लगा है। अब लोग राहत शिविरों से अपने घर वापस जा सकेंगे। हमें उनकी जिंदगी सामान्य करने में उनकी मदद करनी है। मेरी सबसे अपील है कि तन, मन, धन से लोगों की मदद करें। यह पुण्य का काम है।’
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने लाल किले के पीछे की सड़क साफ कर दी है, जिसमें पानी भर गया था और यह जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दी जाएगी। केजरीवाल ने राहत और बचाव प्रयासों में सहयोग के लिए पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, थल सेना, नौसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा अन्य सभी अधिकारियों का आभार भी जताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved