
इंदौर। एक तरफ बायपास से लेकर शहरभर में जाम की स्थिति रोजाना ही रहती है, तो दूसरी तरफ कल से बीआरटीएस लेन के अंदर आए निजी वाहनों के चालान बनाना पुलिस और उसके यातायात विभाग ने शुरू कर दिए। कल शाम के बाद कई वाहनों के चालान बनाए गए। हालांकि चालाकों ने इसका विरोध भी किया। बीते तीन महीने से नगर निगम बीआरटीएस की रैलिंग अभी हटा नहीं पाया, जबकि हाईकोर्ट ने बीआरटीएस हटाने के निर्देश दे दिए और उसके पहले मुख्यमंत्री भी इसकी घोषणा कर चुके थे, जिसके चलते अभी कुछ हिस्सों में आई बस तो लेन के अंदर चल रही है, वहीं पुलिस व प्रशासन के वाहनों के साथ-साथ दुपहिया वाहनों द्वारा भी बीआरटीएस का इस्तेमाल किया जा रहा है। कल बड़ी संख्या में निजी वाहनों ने बीआरटीएस लेन के अंदर प्रवेश किया तो यह यातायात विभाग को नागवार गुजरा और उसके जवानों ने धड़ाधड़ चालान काटना शुरू कर दिए, जिसका वाहन चालकों ने तीखा विरोध किया। इसी वक्त एक पुलिस कर्मी भी तीन सवारी के साथ लेन में घुस गया, मगर उसका चालान नहीं काटा गया।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved