नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव (No confidence motion) लाने की तैयारी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने कहा है कि उनसे इस संबंध में कोई औपचारिक चर्चा नहीं की गई है, हालांकि उन्हें इस तरह की इच्छा की जानकारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक प्रक्रियात्मक तौर पर कोई नोटिस दायर नहीं होता, तब तक इसे औपचारिक खबर नहीं माना जा सकता।
मीडिया से बातचीत में शशि थरूर ने कहा, “इस बारे में मेरे साथ कोई चर्चा नहीं हुई है। मुझे सिर्फ इतना पता है कि ऐसी कोई इच्छा है, लेकिन इसकी एक प्रक्रिया होती है। जब तक कुछ दर्ज नहीं किया जाता, तब तक कोई खबर नहीं है। फिलहाल कुछ लोग आपस में इस पर चर्चा कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कदम से पहले संसदीय प्रक्रियाओं का पालन किया जाना जरूरी है।
विपक्ष की तैयारी का दावा
इससे पहले खबरें आई थीं कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव को समाजवादी पार्टी (सपा) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) का समर्थन मिल रहा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों के साथ समर्थन जुटाने के लिए लगातार विचार-विमर्श कर रही है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि कांग्रेस के पास अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने के लिए पर्याप्त सांसद हैं और अगर एक-दो दल समर्थन नहीं भी करते हैं, तो भी पार्टी संवैधानिक समय-सीमा के भीतर प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।
बजट सत्र में बढ़ा टकराव
गौरतलब है कि बजट सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार हंगामा हो रहा है। विपक्ष का आरोप है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद से सदन में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रियंका गांधी का आरोप: स्पीकर पर सरकार का दबाव
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि लोकसभा नहीं चल पा रही है और विपक्ष के नेताओं को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा। प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में आकर लोकसभा अध्यक्ष महिला सांसदों का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जिस तरह की सफाई स्पीकर को देनी पड़ रही है, उससे साफ है कि वह दबाव में हैं। सदन में कांग्रेस की 11 महिला सांसद हैं, जिनमें मैं भी शामिल हूं। सभी गंभीर राजनीतिज्ञ हैं। उनका अपमान किया गया है।” प्रियंका गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में नहीं आ रहे और स्पीकर से सफाई दिलवाई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved