
डेस्क। मनोरंजन की दुनिया एक ऐसी दुनिया है, जहां किस्मत आए दिन उलटती-पलटती रहती है। कभी कोई एक नया नवेला कलाकार स्टार बन जाता है तो वहीं कोई देखते ही देखते अर्श से फर्श पर आ जाता है। भोजपुरी फिल्मों और मॉडलिंग में काम कर चुकीं एक्ट्रेस मिताली शर्मा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। कभी मिताली शर्मा को फिल्म इंडस्ट्री का एक होनहार चेहरा माना जाता था। उनकी शुरुआती जर्नी भी शानदार रही, कुछ बेहतरीन प्रोजेक्ट्स के बाद वह इंडस्ट्री में मेकर्स के बीच पहचान बनाने में सफल रहीं, लेकिन ये सफर लंबे समय तक कायम नहीं रह सका। जैसे-जैसे समय बीतने लगा, फिल्म के ऑफर्स कम होने लगे और फिर काम न मिलने के चलते उनके लिए गुजारा करना मुश्किल हो गया। जिसके बाद कथित तौर पर उन्हें गंभीर वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ा।
मिताली शर्मा मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं और एक्ट्रेस बनने का सपना लेकर मुंबई आई थीं। लेकिन, एक्ट्रेस बनने की चाहत में वह अपने परिवार से भी दूर हो गईं, क्योंकि उनका परिवार उनके फैसले के खिलाफ था। न इमोशनल सपोर्ट और फिर आर्थिक मुश्किलों ने मिताली को तोड़ दिया। इंडस्ट्री से लगातार मिल रहे रिजेक्शन के चलते उनकी स्थिति दिन पर दिन खराब होती गई और समय के साथ-साथ उनका मानसिक स्वास्थ्य भी बिगड़ने लगा।
मिताली शर्मा एक बार फिर तब चर्चा में आईं, जब मुंबई की सड़कों पर उन्हें दयनीय स्थिति में पाया गया। मुंबई के लोखंडवाला की सड़कों पर मिताली को भीख मांगते देखा गया। एक्ट्रेस का शुरुआती सफर और फिर ये हाल देखकर हर कोई हैरान रह गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मिताली को हिरासत में ले लिया और इस दौरान ये भी आरोप लगाए गए कि मिताली को चोरी करने के आरोप में पुलिस ने पकड़ा है, जिसके बाद लोग और भी ज्यादा परेशान हो गए।
बताया जाता है कि जब मिताली को हिरासत में लिए जाने के बाद एक महिला पुलिस अधिकारी ने हथकड़ी पहनाने की कोशिश की, तो उन्होंने आक्रामक प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस के चंगुल से भागने की भी कोशिश की। वहीं पुलिस स्टेशन लाए जाने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से खाना मांगा। मिताली की आर्थिक और मानसिक हालत देखने के बाद थाने में मौजूद अधिकारियों ने डॉक्टर से संपर्क किया और उन्हें मेडिकल हेल्प दी, जिसके बाद मिताली को मेंटल एसाइलम में भर्ती करा दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved